Home Hindi लखनऊ-दिल्ली इंडिगो फ्लाइट में ब*म की धमकी से हड़कंप, जांच में निकली...

लखनऊ-दिल्ली इंडिगो फ्लाइट में ब*म की धमकी से हड़कंप, जांच में निकली अफवाह

12 June 2026 Fact Recorder

National Desk:  लखनऊ एयरपोर्ट पर शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दिल्ली जाने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट में बम होने की सूचना मिली। उड़ान भरने से ठीक पहले मिली इस धमकी के बाद विमान को तत्काल रोक दिया गया और सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, करीब 180 यात्रियों को लेकर दिल्ली जाने वाली यह फ्लाइट सुबह 10:45 बजे रवाना होने वाली थी। इसी दौरान फ्लाइट के चालक दल को विमान में बम होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं।

एहतियात के तौर पर सभी यात्रियों को सुरक्षित विमान से बाहर निकाला गया। इसके बाद बम निरोधक दस्ते और सुरक्षा कर्मियों ने विमान के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र की भी गहन तलाशी ली। जांच के दौरान विमान के हर हिस्से की बारीकी से पड़ताल की गई ताकि किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सके।

हालांकि, विस्तृत जांच के बाद विमान में कोई बम या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके साथ ही बम होने की सूचना झूठी साबित हुई। राहत की बात यह रही कि जांच में किसी प्रकार का सुरक्षा खतरा सामने नहीं आया।

फिलहाल पुलिस और संबंधित एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह फर्जी धमकी किसने दी। मामले की जांच जारी है और दोषी की पहचान के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में स्कूलों, अदालतों, मॉल, होटलों और विमानों को बम से उड़ाने की धमकियों के मामले बढ़े हैं। हालांकि ज्यादातर मामलों में ये धमकियां अफवाह साबित होती हैं, लेकिन हर बार सुरक्षा एजेंसियों को व्यापक जांच अभियान चलाना पड़ता है।