Home Himachal हिमाचल में मानसून से भारी तबाही, नुकसान 3212 करोड़ के पार; 59...

हिमाचल में मानसून से भारी तबाही, नुकसान 3212 करोड़ के पार; 59 सड़कें अब भी बंद

September 16 ,2026 Fact Recorder

National Desk:  हिमाचल प्रदेश में इस मानसून सीजन के दौरान प्राकृतिक आपदाओं और भारी बारिश से बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। 30 जून से 15 सितंबर तक प्रदेश में मानसून से संबंधित घटनाओं में कुल नुकसान का आंकड़ा 3212.21 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इस दौरान जनजीवन के साथ-साथ सड़क, पुल, पेयजल और अन्य बुनियादी ढांचे को भी व्यापक क्षति हुई है।

मानसून के दौरान प्रदेश में 131 मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि 502 मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। इस अवधि में कुल 296 लोगों की मौत दर्ज की गई। इनमें 119 मौतें प्राकृतिक आपदाओं और मौसम से जुड़ी घटनाओं के कारण हुईं, जबकि 177 लोगों की जान सड़क हादसों में गई। वहीं, 520 लोग घायल हुए हैं।

सड़कों और पुलों को हुए नुकसान के कारण लोक निर्माण विभाग को करीब 2744.67 करोड़ रुपये की क्षति का आकलन किया गया है। वहीं, जल शक्ति विभाग को 38.57 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

59 सड़कें अभी भी बंद

मानसून का असर कम होने के बावजूद प्रदेश में 59 सड़कें अभी भी यातायात के लिए बंद हैं। इनमें मंडी जिले में सबसे अधिक 27 सड़कें, जबकि कुल्लू में 12 सड़कें बंद हैं। इसके अलावा प्रदेश में 11 पेयजल योजनाएं और 2 बिजली ट्रांसफार्मर भी प्रभावित हैं। संबंधित विभागों की ओर से इन्हें बहाल करने का काम जारी है।

कई इलाकों में बारिश का दौर जारी

पिछले 24 घंटों के दौरान धर्मशाला में 75 मिमी, कुल्लू के कोठी में 36 मिमी, सुंदरनगर में 30 मिमी और शिमला में 10 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।

अगले सात दिनों में भारी बारिश के आसार नहीं

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में अगले सात दिनों के दौरान भारी बारिश की संभावना नहीं है। 16 और 17 सितंबर को कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि 18 से 21 सितंबर तक अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ एक स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

तापमान में गिरावट, फिर भी सामान्य से ज्यादा

बीते 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, इसके बावजूद अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री अधिक रहा।

मंडी में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ऊना में 1.6 डिग्री की गिरावट के साथ तापमान 32.4 डिग्री, मनाली में 3 डिग्री की गिरावट के बाद 22.5 डिग्री और शिमला में 24 डिग्री सेल्सियस रहा। रात के तापमान की बात करें तो कुकुमसेरी में सबसे कम 8.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।