September 15,2026 Fact Recorder
Chandigarh Desk : पंजाब के बाद अब चंडीगढ़ में भी नशे के खिलाफ पुलिस ने बड़े स्तर पर अभियान शुरू कर दिया है। राज्यपाल एवं प्रशासक गुलाब चंद कटारिया के निर्देश पर चंडीगढ़ पुलिस ने 11 सितंबर से नशा विरोधी अभियान तेज कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, 11 से 14 सितंबर के बीच चार दिनों में 26 से ज्यादा FIR दर्ज की गई हैं, जबकि 150 से अधिक लोगों को गिरफ्तार या हिरासत में लिया गया है।
SSP कंवरदीप कौर ने कहा है कि पुलिस का लक्ष्य शहर को नशा मुक्त बनाना है और इस अभियान में थाना पुलिस के साथ-साथ स्पेशल यूनिट्स भी सक्रिय रूप से काम कर रही हैं।
नशे की सप्लाई चेन तोड़ने में जुटी पुलिस
SSP कंवरदीप कौर के अनुसार, सभी थाना प्रभारी अपने-अपने इलाकों में लगातार गश्त कर रहे हैं। नशे की बिक्री और सेवन से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल नशा बेचने वालों पर कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि शहर में नशे की पूरी चेन को तोड़ना है।
चार दिन में 26 से ज्यादा FIR, 150 से अधिक लोगों पर कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, 11 से 14 सितंबर के बीच NDPS एक्ट के तहत 26 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं। इस दौरान 150 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार या हिरासत में लिया गया।
SSP ने बताया कि नशे के कारोबार में संलिप्त होने के संदेह वाले लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया जा रहा है, जबकि नशीले पदार्थों के साथ पकड़े जाने वालों के खिलाफ तत्काल गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है। पुराने मामलों में शामिल आरोपियों की जमानत रद्द कराने की प्रक्रिया भी अपनाई जा रही है।
नशा करते दिखे तो पुलिस को दें सूचना
SSP कंवरदीप कौर ने शहरवासियों से अपील की है कि यदि किसी इलाके में नशे की बिक्री या सेवन से जुड़ी कोई जानकारी मिलती है तो पुलिस को तुरंत इसकी सूचना दें।
उन्होंने कहा कि अगर किसी ग्राउंड, खाली जगह, भवन या अन्य स्थान के आसपास नशे का सेवन करते हुए कोई व्यक्ति दिखाई देता है, तो इसकी जानकारी पुलिस को दी जा सकती है। सूचना मिलने पर संबंधित स्थान पर कार्रवाई की जाएगी।
जल्द जारी होगा विशेष हेल्पलाइन नंबर
नशे के खिलाफ अभियान को और मजबूत करने के लिए चंडीगढ़ पुलिस जल्द ही एक विशेष हेल्पलाइन नंबर जारी करेगी। SSP के मुताबिक, अभी तक मिली सूचनाओं के आधार पर अलग-अलग स्थानों से संदिग्धों की गिरफ्तारी की जा रही है।
पुलिस को नशे की सप्लाई के तार पंजाब, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश और ओडिशा समेत कई राज्यों से जुड़े होने की जानकारी मिली है। SSP ने कहा कि चंडीगढ़ में सप्लाई की तुलना में नशे का कंजप्शन बड़ी चुनौती है और पुलिस इस मांग को खत्म करने पर भी फोकस कर रही है।
58 इलाके बने पुलिस की प्राथमिकता
चंडीगढ़ पुलिस ने अब तक 58 गली-मोहल्लों और इलाकों की पहचान की है, जहां नशे की समस्या अपेक्षाकृत ज्यादा बताई जा रही है। इन क्षेत्रों को हॉटस्पॉट मानते हुए पुलिस ने यहां पेट्रोलिंग और निगरानी बढ़ा दी है।
SSP ने कहा कि पहले इन चिन्हित 58 इलाकों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके बाद जरूरत के मुताबिक अन्य स्थानों की भी पहचान कर वहां कार्रवाई तेज की जाएगी।
नशा छोड़ना चाहने वालों की भी मदद करेगी पुलिस
SSP कंवरदीप कौर ने स्पष्ट किया कि पुलिस की लड़ाई नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ है। नशे की लत से जूझ रहे लोगों को मुख्यधारा में वापस लाने के लिए भी पुलिस मदद करेगी।
उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति खुद नशा छोड़ना चाहता है या उसका परिवार उसे नशे की लत से बाहर निकालना चाहता है, तो पुलिस ऐसे लोगों को नशा मुक्ति एवं उपचार केंद्रों तक पहुंचाने में मदद करेगी। जरूरत के अनुसार उनकी काउंसलिंग और उपचार कराया जाएगा तथा उन्हें सामान्य जीवन में लौटने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
SSP का संदेश- नशे के कारोबार पर होगी सख्त कार्रवाई
SSP कंवरदीप कौर ने कहा कि चंडीगढ़ पुलिस नशे के खिलाफ अभियान को लगातार जारी रखेगी। पुलिस की प्राथमिकता नशे की सप्लाई रोकने के साथ-साथ शहर में नशे की मांग और सेवन को कम करना है। उन्होंने लोगों से पुलिस के साथ सहयोग करने और नशे से जुड़ी किसी भी जानकारी को तुरंत साझा करने की अपील की है।













