Home Chandigarh चंडीगढ़-बद्दी हाईवे पर NCB की बड़ी कार्रवाई, ट्रक से 67.80 लाख साइकोट्रोपिक...

चंडीगढ़-बद्दी हाईवे पर NCB की बड़ी कार्रवाई, ट्रक से 67.80 लाख साइकोट्रोपिक टैबलेट-कैप्सूल बरामद

August 30,2026 Fact Recorder

Chandigarh Desk: चंडीगढ़-बद्दी अंतरराज्यीय मार्ग पर केंद्रीय नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB/CBN) ने नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से करीब 67.80 लाख साइकोट्रोपिक टैबलेट और कैप्सूल बरामद किए हैं। मामले में ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। बरामद खेप को 120 मास्टर कार्टन में छिपाकर ले जाया जा रहा था।

जानकारी के मुताबिक, केंद्रीय एजेंसी को नशीली दवाओं की इस खेप की तस्करी को लेकर पहले से इनपुट मिला था। इसके आधार पर टीम ने 27 अगस्त को चंडीगढ़-बद्दी हाईवे पर नाकाबंदी की। इसी दौरान उत्तर प्रदेश नंबर वाले एक संदिग्ध व्यावसायिक ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान ट्रक में रखे कार्टनों से बड़ी मात्रा में साइकोट्रोपिक दवाएं बरामद हुईं। अधिकारियों के अनुसार, जब्त की गई खेप में 59,08,100 अल्प्राजोलम टैबलेट, 7,47,780 ट्रामाडोल कैप्सूल, 23,700 नाइट्राजेपाम टैबलेट और 400 क्लोनाजेपाम टैबलेट शामिल हैं।

दवाओं पर दर्ज पहचान मिटाने की कोशिश

जांच के दौरान एजेंसी को दवाओं की पैकेजिंग में भी गड़बड़ी मिली। कई ब्लिस्टर स्ट्रिप और पैकेट से बैच नंबर, निर्माण तिथि और एक्सपायरी डेट मिटाई गई थी। इसके अलावा कई दवाओं को वैध बिल और जरूरी परिवहन दस्तावेजों के बिना ले जाया जा रहा था।

एजेंसी को आशंका है कि दवाओं की पहचान से जुड़ी जानकारी हटाकर इन्हें नियामकीय जांच से बचाने और आगे सप्लाई करने की कोशिश की जा रही थी।

14 घंटे से ज्यादा चली जब्ती की प्रक्रिया

बरामद दवाओं की गिनती, जांच और सीलिंग की प्रक्रिया में अधिकारियों को 14 घंटे से अधिक समय लगा। पूरी कार्रवाई के बाद जब्त की गई साइकोट्रोपिक दवाओं की कुल संख्या करीब 67.80 लाख यूनिट सामने आई।

सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने में जुटी एजेंसी

केंद्रीय एजेंसी ने ट्रक और बरामद दवाओं की पूरी खेप को NDPS Act के तहत जब्त कर लिया है। ट्रक चालक से पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसी अब यह पता लगाने में ,जुटी है कि इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी, इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था और इसके पीछे कौन-कौन लोग या नेटवर्क शामिल हैं।

मामले में आगे की जांच के आधार पर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।