07 May 2026 Fact Recorder
Punjab Desk: Enforcement Directorate (ED) ने गुरुवार सुबह Mohali और Chandigarh में बड़े स्तर पर छापेमारी करते हुए रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े कई बिल्डरों के ठिकानों पर कार्रवाई की। केंद्रीय जांच एजेंसी की टीमें एक साथ करीब दर्जनभर स्थानों पर पहुंचीं, जहां वित्तीय लेन-देन और दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार छापेमारी के दौरान मोहाली की एक बहुमंजिला इमारत में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि नौवीं मंजिल से 500 रुपये के नोटों से भरे बैग नीचे फेंके गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें जमीन पर पड़े नकदी से भरे बैग और आसपास बिखरे नोट दिखाई दे रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक ED की यह कार्रवाई ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (GMADA) से सीएलयू लाइसेंस हासिल करने में कथित अनियमितताओं और लोगों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी से जुड़े मामले में की जा रही है। शिकायतों के आधार पर शुरू हुई जांच में एजेंसी अब संबंधित कंपनियों और बिल्डरों के वित्तीय रिकॉर्ड, दस्तावेज और लेन-देन की पड़ताल कर रही है।
छापेमारी के दौरान सुरक्षा बलों की भी तैनाती की गई है और सभी ठिकानों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। ED की इस कार्रवाई से पंजाब और चंडीगढ़ के रियल एस्टेट सेक्टर में हड़कंप मच गया है। फिलहाल एजेंसी की जांच जारी है और आने वाले समय में इस मामले में बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।













