12 June 2026 Fact Recorder
National Desk: छत्तीसगढ़ के Kanker District में शुक्रवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से एक दर्दनाक हादसा हो गया। जिले के Antagarh विकासखंड के कलगांव में तालाब गहरीकरण कार्य के दौरान बिजली गिरने से तीन मजदूरों की मौ*त हो गई, जबकि पांच महिला मजदूर घायल हो गईं।
प्रशासन के अनुसार, सरकारी योजना के तहत गांव में तालाब को गहरा करने का काम चल रहा था। सुबह करीब 70 मजदूर कार्यस्थल पर मौजूद थे। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई।
हादसे में संतोष पटेल, प्रकाश पटेल और गांव के उप सरपंच मनराज पटेल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पांच महिला मजदूर घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों में से चार का इलाज अंतागढ़ अस्पताल में चल रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल एक महिला को बेहतर उपचार के लिए कांकेर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों में बारिश, तेज हवाओं और खराब मौसम का दौर जारी है। ऐसे मौसम में खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।













