वाशिंगटन में खालिस्तानी साजिश: पंजाब निशाने पर, अमिताभ-दलजीत भी टारगेट

वाशिंगटन में खालिस्तानी साजिश: पंजाब निशाने पर, अमिताभ-दलजीत भी टारगेट

30 अक्टूबर 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Chandigarh Desk: वाशिंगटन में खालिस्तानी साजिश का खुलासा: भारत विरोधी अभियान की तैयारी, अमिताभ-दलजीत भी निशाने पर                                                                                                    अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी में 4 अक्तूबर को खालिस्तानी चरमपंथियों की एक गुप्त बैठक हुई, जिसमें भारत के खिलाफ बड़ी साजिश रची गई। यह बैठक नेशनल मॉल की तीसरी मंजिल पर “मानवीय सहायता बैठक” के नाम से आयोजित की गई थी, लेकिन वास्तव में इसमें आतंक और भारत विरोधी गतिविधियों की रणनीति बनाई गई।

खुफिया सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया और यूरोप से कुल 78 खालिस्तानी समर्थक शामिल हुए। इनमें से कई लोग हाल ही में पंजाब से विदेश लौटे थे। बैठक में तय हुआ कि आने वाले महीनों में यूरोप, ऑस्ट्रेलिया, यूके और उत्तरी अमेरिका में भारत के खिलाफ जनमत संग्रह अभियान और विरोध प्रदर्शनों को तेज किया जाएगा।

23 अक्तूबर को कनाडा स्थित भारतीय दूतावास के बाहर रैली की योजना थी, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता के कारण वह नहीं हो सकी। अब 31 अक्तूबर — इंदिरा गांधी की बरसी — को कनाडा के वैंकूवर में बड़े विरोध प्रदर्शन की तैयारी की जा रही है।

खालिस्तानी गुटों ने अपनी विचारधारा से असहमत सिख परिवारों को प्रभावित करने के लिए आर्थिक मदद देने की योजना भी बनाई है। बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।

बीते पांच महीनों में खालिस्तानी समर्थक 11 बार ऐसी योजनाएं बना चुके हैं — चार बार कनाडा, पांच बार अमेरिका, एक बार लंदन और एक बार ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में।

इस बीच, एक प्रतिबंधित संगठन ने 24 मिनट का वीडियो जारी कर बॉलीवुड के अमिताभ बच्चन और पंजाबी सिंगर दलजीत दोसांझ को धमकी दी है। वीडियो में 1984 की घटनाओं से जुड़ा “खून का बदला खून” नारा उछालते हुए दोनों कलाकारों को निशाने पर लिया गया है।

केंद्रीय खुफिया एजेंसियां अब इस पूरी साजिश पर कड़ी नजर रखे हुए हैं।