होर्मुज नाकाबंदी से ईरान पर भारी असर, रोज़ 40 हजार करोड़ तक नुकसान संभव

14 अप्रैल, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Business Desk:  अमेरिका द्वारा ईरान के खिलाफ समुद्री नाकाबंदी शुरू करने से बड़ा आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है। खासकर होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास बढ़ती सैन्य गतिविधियों के कारण ईरान के व्यापार पर सीधा असर पड़ रहा है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, इस नाकाबंदी से ईरान को हर दिन करीब 435 मिलियन डॉलर (लगभग 40 हजार करोड़ रुपये) का नुकसान हो सकता है। इसमें एक्सपोर्ट में लगभग 276 मिलियन डॉलर और इंपोर्ट में 159 मिलियन डॉलर की रुकावट शामिल है, जिससे मासिक नुकसान 13 बिलियन डॉलर तक पहुंच सकता है।

ईरान की अर्थव्यवस्था काफी हद तक तेल और गैस पर निर्भर है, जो उसके कुल निर्यात का करीब 80% हिस्सा बनाते हैं। नाकाबंदी के कारण रोजाना लगभग 15 लाख बैरल कच्चे तेल का निर्यात प्रभावित हो सकता है। साथ ही पेट्रोकेमिकल और नॉन-ऑयल एक्सपोर्ट भी बुरी तरह प्रभावित होंगे, क्योंकि ज्यादातर व्यापार खाड़ी के रास्ते होता है।

विशेषज्ञों के मुताबिक, ईरान के पास सीमित विकल्प हैं और उसके अन्य बंदरगाह इतनी बड़ी मात्रा में व्यापार संभालने में सक्षम नहीं हैं। अगर स्थिति लंबी चली, तो तेल उत्पादन रोकना पड़ सकता है, जिससे स्थायी आर्थिक नुकसान भी हो सकता है।