Home Sports IPL 2025 Haryana Players; Yuzvendra Chahal Rahul Tewatia | Raghav Goyal |...

IPL 2025 Haryana Players; Yuzvendra Chahal Rahul Tewatia | Raghav Goyal | IPL में हरियाणा के 7 प्लेयर: 3 इंडियन क्रिकेट टीम का हिस्सा रह चुके; कोई विकेट टेकर तो कोई लंबे छक्के मारने का माहिर – Hisar News

करनाल के रहने वाले बॉलर अंशुल कंबोज, नूंह के शाहबाज अहमद और स्पिनर गेंदबाज युजवेंद्र चहल।

आज से इंडियन प्रीमियम लीग (IPL) के मैच शुरू होने जा रहे हैं। पहले दिन IPL की ओपनिंग के साथ एक मैच भी खेला जाएगा। पहला मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन में कोलकाता नाइटराइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला जाएगा।

.

करीब 2 महीने तक चलने वाले IPL में हरियाणा के 7 खिलाड़ी खेल रहे हैं। जिनमें पानीपत, जींद, फरीदाबाद, नूंह और करनाल से एक-एक व गुरुग्राम से 2 खिलाड़ी शामिल हैं। इसके अलावा 2 ऐसे खिलाड़ी भी हैं जो हरियाणा की टीम से खेलते हैं, मगर वह गुजरात और दिल्ली से हैं। इसमें हर्षल पटेल और जयंत यादव शामिल हैं।

ऐसे में हरियाणा से नाता रखने वाले इन 7 खिलाड़ियों को पूरा प्रदेश सपोर्ट करता नजर आएगा। IPL में यह सभी खिलाड़ी अलग-अलग टीमों से खेल रहे हैं। इनमें 3 खिलाड़ी ऐसे भी हैं, जो इंडियन क्रिकेट टीम में भी खेल चुके हैं।

अब IPL खेल रहे हरियाणा के 7 खिलाड़ियों की डिटेल प्रोफाइल पढ़िए…

1. युजवेंद्र चहल: जींद के रहने वाले स्पिनर गेंदबाज युजवेंद्र चहल भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा रहे हैं। वे घरेलू क्रिकेट में हरियाणा टीम की ओर से खेलते हैं। चहल को इस बार पंजाब किंग्स ने 18 करोड़ में खरीदा।

वह आरसीबी, राजस्थान रॉयल्स की तरफ से भी खेल चुके हैं। चहल IPL इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने 153 मैचों में 200 विकेट लिए हैं। चहल ने 8 साल (2014 से 2021) तक रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए खेला था।

2. राहुल तेवतिया: गुरुग्राम के सीही ग्राम के रहने वाले ऑलराउंडर राहुल तेवतिया हरियाणा के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। तेवतिया ने 2013-14 रणजी ट्रॉफी के दौरान 6 दिसंबर 2013 को बंसी लाल क्रिकेट स्टेडियम में कर्नाटक के खिलाफ हरियाणा के लिए डेब्यू किया।

राहुल IPL में साल 2014-2021 में राजस्थान रॉयल्स, 2017 में पंजाब किंग इलेवन, 2018-19 में दिल्ली कैपिटल और 2022-23 में गुजरात टाइटंस के लिए खेल चुके हैं। इस बार गुजरात टाइटंस ने राहुल को 4 करोड़ में रिटेन किया है।

3. सुमित कुमार : गुरुग्राम निवासी सुमित कुमार ने 4 अक्टूबर 2019 को 2019-20 विजय हजारे ट्रॉफी में हरियाणा के लिए करियर की शुरुआत की थी। 9 दिसंबर 2019 को 2019-20 रणजी ट्रॉफी में हरियाणा के लिए प्रथम श्रेणी में पदार्पण किया।

सुमित कुमार विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में खेलते हैं और उन्हें इस बार दिल्ली कैपिटल्स टीम में शामिल किया गया है। वह आईपीएल ऑक्शन में 1 करोड़ में बिके थे।

4. मोहित शर्मा : फरीदाबाद के बल्लभगढ़ निवासी दाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहित शर्मा भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा हैं। वह हरियाणा के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं।

मोहित ने 2013 में आईपीएल में डेब्यू किया था। मोहित साल 2020 में दिल्ली कैपिटल, 2023 में गुजरात टाइटंस के लिए आईपीएल खेल चुके हैं। मोहित आईपीएल में गुजरात की टीम से खेल रहे हैं। वह आईपीएल ऑक्शन में 2.20 करोड़ में बिके थे।

5. राघव गोयल : पानीपत के रहने वाले राघव गोयल बाएं हाथ से बल्लेबाजी करते हैं। वह बाएं हाथ से स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं। उन्होंने 11 साल की उम्र में क्रिकेट खेलना और सीखना शुरू कर दिया था। साल 2023 में राघव ने डीवाई पाटिल टी-20 कप में 6.90 की इकोनॉमी रेट से 5 विकेट लिए थे, इसी के चलते उन्हें आईपीएल में खेलने के लिए मुंबई इंडियंस ने 20 लाख में खरीदा था। इस बार भी उनको 20 लाख में मुंबई इंडियंस ने रिटेन किया है। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ टी-20 का डेब्यू किया था।

6. अंशुल कंबोज : करनाल के रहने वाले युवा तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज घरेलू क्रिकेट में हरियाणा से खेलते हैं। वह आईपीएल में चेन्नई सुपरकिंग्स टीम से खेल रहे हैं। उनको 3.40 करोड़ में चेन्नई की टीम ने खरीदा था। अंशुल ने 17 फरवरी 2022 को 2021-22 रणजी ट्रॉफी में हरियाणा के लिए प्रथम श्रेणी में पदार्पण किया था। साल 2024 में विजय हजारे ट्रॉफी में हरियाणा के लिए 10 मैचों में 17 विकेट लेकर बेहतरीन प्रदर्शन के कारण उन्हें मुंबई इंडियन ने आईपीएल में एंट्री दी थी।

7. शाहबाज अहमद: हरियाणा के नूंह जिले के रहने वाले शाहबाज अहमद आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी में लखनऊ सुपरजायंट्स टीम का हिस्सा हैं। भारतीय ऑलराउंडर शाहबाज अहमद को 2.40 करोड़ रुपए में खरीदा गया था। शाहबाज अहमद का बेस प्राइस 1 करोड़ रुपए था। वह 2018 से बंगाल क्रिकेट टीम का हिस्सा हैं। इससे पहले वह इंडियन प्रीमियर लीग में सनराइजर्स हैदराबाद से खेल चुके हैं। वह एक ऑलराउंडर हैं जो बाएं हाथ से बल्लेबाजी करते हैं। शाहबाद के पिता मजिस्ट्रेट कार्यालय में क्लर्क रह चुके हैं।

चहल विकेट लेने के माहिर, तेवतिया छक्के, मोहित कम रन देते हैं हरियाणा के 3 खिलाड़ी भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा भी रह चुके हैं। इसमें युजवेंद्र चहल, राहुल तेवतिया और मोहित शर्मा शामिल हैं। IPL के मैचों में युजवेंद्र चहल अपने स्पेल में विकेट लेने में माहिर माने जाते हैं। वहीं, राहुल तेवतिया स्पिन बॉलिंग के साथ लंबे-लंबे छक्के मारने के लिए जाने जाते हैं। तेज गेंदबाज मोहित शर्मा का कम रन देने और विकेट निकालने का बेहतरीन रिकॉर्ड है।