मोदी के मजबूत नेतृत्व से बदली भारत की तस्वीर: डॉ अरविंद शर्मा

140 करोड़ भारतीयों के चहुंमुखी उत्थान और भरोसे से दुनिया के सबसे प्रभावी                                        पीएम मोदी के निर्णयों को हरियाणा में अक्षरक्ष लागू कर रहे हैं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

चंडीगढ़, 12 जून 2025 फैक्टर रिकॉर्डर

Chandigarh Haryana Desk: हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व की बदौलत बदलते भारत को महसूस किया जा रहा है। 140 करोड़ भारतीय आज दुनिया में भारत के बज रहे डंके और चहुंमुखी उत्थान की योजनाओं के प्रभाव से खुश होकर मोदी जी पर भरोसा जता रहे हैं। उन्होंने कहा कि 11 साल की इस यात्रा के दौरान सरल, पारदर्शी व्यवस्था और वंचित, जरूरतमंद का उत्थान सुनिश्चित हुआ है।

आज डॉ. अरविंद शर्मा मोदी सरकार के 11 साल संकल्प से सिद्धि अभियान के तहत सोनीपत में जीटी रोड स्थित जिला भाजपा कार्यालय में सोनीपत जिला प्रभारी सतीश नांदल, विधायक निखिल मदान, विधायक पवन खरखौदा के साथ पत्रकार वार्ता कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना के साथ देशवासियों को विकास की ओर आगे बढा रहे हैं और इसी कड़ी में हरियाणा प्रदेश मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के संकल्पों की सिद्धि का गवाह बन रहा है। दुनिया के सबसे प्रभावी, मजबूत व दमदार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण के 11 साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, शीर्ष नेतृत्व एवं कार्यकर्ता बधाई के पात्र हैं।

कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने कई अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। कोरोना महामारी के दौरान मोदी जी की इच्छाशक्ति और जनभागीदारी से भारत ने सफलतापूर्वक मुकाबला किया। यूक्रेन युद्ध के दौरान हजारों भारतीय छात्रों को सुरक्षित स्वदेश लाया गया।

डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ भी भारत ने स्पष्ट संदेश दिया है। पहलगाम हमले के बाद ऑपरेशन सिंदूर में सेना ने 9 आतंकी ठिकानों को तबाह कर सौ से अधिक आतंकियों का सफाया किया। मोदी जी ने दो टूक कहा कि अब गोली का जवाब गोले से मिलेगा। 2014 में जब उन्होंने कार्यभार संभाला, भारत 11वीं अर्थव्यवस्था थी आज चौथे स्थान पर है। कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर अखंड भारत की अवधारणा को साकार किया गया। अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण, काशी-महाकाल धाम का विकास, तीन तलाक व CAA जैसे निर्णय, वन रैंक वन पेंशन जैसे सुधार देश को नई दिशा दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आज हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मोदी सरकार के निर्णयों को अक्षरक्ष लागू करते हुए सबसे पहले प्रदेश के जन-जन को योजनाओं का लाभ दे रहे हैं। यही कारण है कि हरियाणा केंद्र सरकार की योजनाओं को लागू करने में अन्य राज्यों के सामने मिसाल बना है।