चंडीगढ़,18 मई 2026 Fact Recorder
Haryana Desk: मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में आज यहां हुई हरियाणा मंत्रिमंडल की बैठक में गुरुग्राम मेट्रो परियोजना की बढ़ी हुई लागत को मंजूरी प्रदान कर दी है। मंत्रिमंडल द्वारा मिलेनियम सिटी सेंटर (MCC) से साइबर सिटी तक गुरुग्राम मेट्रो कॉरिडोर की संशोधित परियोजना लागत 7,098.70 करोड़ रुपये की स्वीकृत दी गई है।
इसके अतिरिक्त, रैपिड मेट्रो के साथ इंटीग्रेशन के परिवर्तित परिदृश्य से संबंधित 947.06 करोड़ रुपये की अनुपूरक रिपोर्ट तथा सेक्टर-5 मेट्रो स्टेशन से गुरुग्राम रेलवे स्टेशन तक स्पर लाइन हेतु 454.32 करोड़ रुपये की अनुपूरक रिपोर्ट को भी मंजूरी प्रदान की गई है। मंत्रिमंडल ने परियोजना के वित्तपोषण स्रोत में परिवर्तन को भी स्वीकृति दी है, जिसके तहत यूरोपियन इन्वेस्टमेंट बैंक (EIB) के स्थान पर अब विश्व बैंक से वित्तीय सहायता ली जाएगी। राज्य सरकार द्वारा परियोजना में 2,415.79 करोड़ रुपये के अंशदान को भी अनुमोदित किया गया है। यह परियोजना गुरुग्राम में मेट्रो नेटवर्क को मजबूत करने के साथ-साथ रैपिड मेट्रो और गुरुग्राम रेलवे स्टेशन के बीच बेहतर मल्टी-मोडल कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेगी।













