20 अप्रैल 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली में ली जे-म्युंग के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति रविवार को तीन दिवसीय भारत दौरे पर पहुंचे हैं। यह उनकी भारत की पहली और पिछले आठ वर्षों में किसी दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति की पहली यात्रा है।
बैठक में दोनों नेता पोत निर्माण, व्यापार, निवेश, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, सेमीकंडक्टर, रक्षा, महत्वपूर्ण तकनीकों और सांस्कृतिक आदान-प्रदान जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा करेंगे। दोनों देश भारत-दक्षिण कोरिया व्यापार को 2030 तक लगभग दोगुना कर 50 अरब डॉलर तक पहुंचाने की दिशा में भी काम कर रहे हैं।
ली जे-म्युंग ने भारत पहुंचने के बाद कहा कि वैश्विक आपूर्ति शृंखला में अस्थिरता और पश्चिम एशिया संकट के बीच भारत और दक्षिण कोरिया एक-दूसरे के “सबसे महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदार” बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि भारत अब केवल एक उपभोक्ता बाजार नहीं, बल्कि वैश्विक उत्पादन और आपूर्ति शृंखला का प्रमुख केंद्र बन चुका है।
दोनों नेताओं के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य और अन्य अहम समुद्री मार्गों की सुरक्षा पर भी चर्चा होने की संभावना है। दक्षिण कोरिया ने कहा है कि भारत के साथ मिलकर वह ऊर्जा आपूर्ति और समुद्री व्यापार के लिए महत्वपूर्ण मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करना चाहता है।
ली जे-म्युंग की मुलाकात द्रौपदी मुर्मू और एस. जयशंकर से भी होगी। विदेश मंत्रालय ने इस यात्रा को भारत-दक्षिण कोरिया “विशेष रणनीतिक साझेदारी” को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण पड़ाव बताया है।













