चंडीगढ़, 15 जून 2026 Fact Recorder
Chandigarh Desk: चंडीगढ़ प्रशासन ने गृह सचिव मंदीप बराड़ के लंबी छुट्टी पर जाने के बाद उनके विभिन्न विभागों के कार्यभार को अस्थायी रूप से अन्य वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को सौंप दिया है। इस संबंध में मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद द्वारा आदेश जारी किए गए हैं।
जारी आदेशों के अनुसार, आईएएस दीप्रवा लाकड़ा को गृह सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसके साथ ही वे सचिव पुलिस, जेल एवं समन्वय, पर्यावरण एवं वन तथा स्थानीय सरकार एवं शहरी विकास विभागों की जिम्मेदारी भी संभालेंगी।
वहीं, आईएएस स्वप्निल नाइक को राजस्व, कानून एवं न्याय, प्रोटोकॉल तथा जल संसाधन विभाग का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है।
इसके अलावा डॉ. सैयद आबिद रशीद शाह (आईएएस) को स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
प्रशासन के अनुसार, गृह सचिव मंदीप बराड़ 13 जून से 28 जून 2026 तक अवकाश पर रहेंगे। इस अवधि के दौरान उनके सभी विभागीय दायित्व उपरोक्त अधिकारियों द्वारा अपने मौजूदा कार्यभार के साथ अतिरिक्त रूप से संभाले जाएंगे।













