Home Himachal महिला उद्यमियों के लिए फंडिंग एवं नेटवर्किंग मीट आयोजित 

महिला उद्यमियों के लिए फंडिंग एवं नेटवर्किंग मीट आयोजित 

पधर, 16 सितंबर 2026 Fact Recorder
Himachal Desk:  जिला उद्योग केंद्र (डीआईसी) मंडी द्वारा आरएएमपी परियोजना के सामाजिक समावेशन घटक के अंतर्गत मंगलवार को मिनी सचिवालय पधर के बैठक कक्ष में महिला उद्यमियों के लिए एक दिवसीय फंडिंग एवं नेटवर्किंग मीट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का क्रियान्वयन एनआईटीकॉन लिमिटेड के माध्यम से किया गया। इसमें द्रंग विकास खंड की करीब 60 महिला उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी द्रंग विनय चौहान ने की। उद्योग विभाग में ईओ (इंडस्ट्रीज) के रूप में कार्य करने का उनका पूर्व अनुभव भी प्रतिभागियों के लिए उपयोगी रहा और उन्होंने उद्यमिता से जुड़े विभिन्न विषयों पर व्यावहारिक जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में ईओ इंडस्ट्रीज द्रंग अक्षय शर्मा, एचपी ग्रामीण बैंक पधर शाखा के प्रबंधक शिवांश बंटा, एनएसआईसी के मुख्य प्रबंधक लोकेश भाटिया, आरएसईटीआई के निदेशक प्रभात, एमआईएस से पंकज तथा एनआरएलएम के एरिया कोऑर्डिनेटर हंस राज सहित विभिन्न विभागों एवं संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यशाला के दौरान महिला उद्यमियों को बैंकिंग सुविधाओं, वित्तीय सहायता, विभिन्न सरकारी योजनाओं, सब्सिडी, उद्यम पंजीकरण, बीमा तथा ओडीओपी और ओएनडीसी जैसे डिजिटल मार्केट प्लेटफॉर्म के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। डीआईसी, एनएसआईसी, आरएसईटीआई और एनआरएलएम के प्रतिनिधियों ने उद्यमियों को उपलब्ध सहायता एवं योजनाओं का लाभ उठाने के संबंध में व्यावहारिक मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस दौरान आयोजित संवादात्मक सत्र में महिला उद्यमियों ने अपने व्यवसाय से संबंधित सवाल रखे, जिनका विशेषज्ञों एवं विभागीय प्रतिनिधियों ने समाधान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को वित्तीय अवसरों, सरकारी सहायता और बाजार से जुड़ने के साधनों की जानकारी प्रदान कर उन्हें अपने उद्यमों के विस्तार के लिए प्रोत्साहित करना रहा।