रिहर्सल में कुल 291 मतदान अधिकारियों ने भाग लिया
निष्पक्ष व पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करें अधिकारी: एडीसी गुरसीमर सिंह
मंडी, 28 अप्रैल 2026 Fact Recorder
Himachal Desk: नगर निगम मंडी चुनाव-2026 के सफल एवं निष्पक्ष संचालन को लेकर संस्कृति सदन कांगनीधार में मतदान अधिकारियों के लिए पहली रिहर्सल आयोजित की गई। 17 मई को होने वाले चुनावों के लिए 15 वार्डों के 38 मतदान केन्द्रों पर मतदान कराया जाएगा। रिहर्सल में कुल 291 मतदान अधिकारियों ने भाग लिया और उन्हें चुनाव प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।प्रशिक्षण के दौरान सदर उपमण्डल से 66 पीठासीन अधिकारी, 67 सहायक पीठासीन अधिकारी, 74 मतदान अधिकारी-1 तथा 72 मतदान अधिकारी-2 उपस्थित रहे, जबकि बल्ह उपमंडल से 12 अधिकारियों ने भाग लिया। अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया को सुचारू, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।
एडीसी मंडी गुरसिमर सिंह ने सभी अधिकारियों से पूर्ण जिम्मेदारी, निष्पक्षता और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया और निर्देश दिए कि मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम सदर रूपिन्द्र कौर ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों को व्यवहार में लागू करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी मतदान दिवस पर अपने-अपने दायित्वों को भली-भांति समझते हुए नियमों के अनुरूप कार्य करें, ताकि पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से सम्पन्न हो सके।
नायब तहसीलदार निर्वाचन राजेश जोशी तथा डाइट मंडी के लेक्चरर डॉ कर्म सिंह ने मतदान अधिकारियों को बूथ स्थापित करने, ईवीएम संचालन, मॉक पोल की प्रक्रिया, मतदान केन्द्रों के प्रबंधन तथा अन्य तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। दूसरी रिहर्सल 8 मई तथा अंतिम रिहर्सल 14 मई को आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर तहसीलदार सदर संजीव कुमार, तहसीलदार निर्वाचन राजेश शर्मा, नायब तहसीलदार निर्वाचन राजेश जोशी, नोडल अधिकारी एवं सेक्टर अधिकारी उपस्थित रहे।













