3 June 2026 Fact Recorder
National Desk: बिहार की राजधानी पटना में मशहूर शिक्षक और यूट्यूबर Khan Sir के कोचिंग सेंटर पर मंगलवार रात कथित रूप से हमला और गो*लीबारी की घटना सामने आई है। मुसल्लहपुर हाट स्थित कोचिंग संस्थान के बाहर हुई इस घटना में एक सुरक्षा गार्ड घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह रही कि खान सर पूरी तरह सुरक्षित हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पटना के एसएसपी, एसपी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घायल गार्ड और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
घटना के बाद बुधवार सुबह खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर बड़ी संख्या में छात्र जमा हो गए। छात्रों में घटना को लेकर आक्रोश देखा गया, जिसके चलते क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा। पुलिस ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया, जबकि खान सर ने भी अपने विद्यार्थियों से शांति बनाए रखने की अपील की।
खान सर ने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व और कोचिंग कारोबार से जुड़े लोग उनकी लोकप्रियता, कम फीस और बेहतर परिणामों से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि उनकी संस्था का उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद छात्रों को सस्ती शिक्षा उपलब्ध कराना है, जिससे कुछ लोगों को असहजता हो रही है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि हमलावरों ने संस्थान के कार्यालय में तोड़फोड़ की और गोलीबारी की। घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दिए गए हैं। खान सर ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और अपने संस्थान की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।













