Home Hindi फीफा विश्व कप 2026: रोनाल्डो रहे फीके, इंग्लैंड का धमाका; गंभीर के...

फीफा विश्व कप 2026: रोनाल्डो रहे फीके, इंग्लैंड का धमाका; गंभीर के पसंदीदा रैशफोर्ड ने भी किया कमाल

18 June 2026 Fact Recorder

Sports Desk: फीफा विश्व कप 2026 में बुधवार का दिन कई बड़े सितारों के नाम रहा, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा क्रिस्टियानो रोनाल्डो और इंग्लैंड की शानदार जीत की रही। जहां 41 वर्षीय रोनाल्डो अपने छठे विश्व कप के पहले मैच में गोल करने में नाकाम रहे, वहीं इंग्लैंड ने क्रोएशिया को 4-2 से हराकर खिताबी दावेदारी का मजबूत संदेश दिया।

रोनाल्डो का सपना अधूरा, पुर्तगाल को डीआर कांगो ने रोका

पुर्तगाल और डीआर कांगो के बीच मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ। यह मैच रोनाल्डो के लिए ऐतिहासिक था, क्योंकि वह छह विश्व कप खेलने वाले दुनिया के चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हो गए। हालांकि, वह इस उपलब्धि को गोल के साथ यादगार नहीं बना सके।

दूसरे हाफ में रोनाल्डो को गोल करने के कई मौके मिले, लेकिन वह उन्हें भुनाने में असफल रहे। मैच के बाद उन्होंने स्वीकार किया कि टीम को बेहतर शुरुआत की उम्मीद थी, लेकिन टूर्नामेंट अभी लंबा है और टीम अगले मुकाबलों पर ध्यान देगी।

डीआर कांगो के युवा मिडफील्डर एनगाल’आयेल मुकाउ ने मैच के बाद रोनाल्डो पर तंज कसते हुए कहा कि अब वह पहले जैसे प्रभावी नहीं रहे। हालांकि पुर्तगाल के कोच रॉबर्टो मार्टिनेज ने अपने स्टार खिलाड़ी का बचाव करते हुए कहा कि रोनाल्डो की मौजूदगी ही विरोधी टीम पर दबाव बनाने के लिए काफी है।

इंग्लैंड ने दिखाया दम, केन और रैशफोर्ड चमके

दिन के दूसरे बड़े मुकाबले में इंग्लैंड ने क्रोएशिया को 4-2 से हराकर शानदार शुरुआत की। कप्तान हैरी केन ने दो गोल किए, जबकि जूड बेलिंगहैम और मार्कस रैशफोर्ड ने एक-एक गोल दागा।

पहले हाफ तक मुकाबला 2-2 की बराबरी पर था, लेकिन दूसरे हाफ में इंग्लैंड ने आक्रामक खेल दिखाते हुए जीत अपने नाम कर ली। रैशफोर्ड का 85वें मिनट में किया गया गोल मैच का निर्णायक क्षण साबित हुआ।

हैरी केन ने छुआ बड़ा रिकॉर्ड

इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन ने दो गोलों के साथ विश्व कप में अपने कुल गोलों की संख्या 10 तक पहुंचा दी। इसके साथ ही उन्होंने इंग्लैंड के दिग्गज स्ट्राइकर गैरी लिनेकर के विश्व कप गोल रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में केन के नाम अब 81 गोल दर्ज हो चुके हैं।

गंभीर के पसंदीदा खिलाड़ी ने भी बिखेरा जलवा

भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने एक इंटरव्यू में लियोनल मेसी और क्रिस्टियानो रोनाल्डो की बजाय मार्कस रैशफोर्ड को अपना पसंदीदा फुटबॉलर बताया था। विश्व कप के पहले ही मुकाबले में रैशफोर्ड ने गोल कर गंभीर की पसंद को सही साबित करते हुए इंग्लैंड की जीत में अहम भूमिका निभाई।

घाना और कोलंबिया की शानदार शुरुआत

ग्रुप एल में घाना ने पनामा को 1-0 से हराकर अपने अभियान का विजयी आगाज किया। वहीं ग्रुप में इंग्लैंड और घाना तीन-तीन अंकों के साथ शीर्ष स्थान की दौड़ में बने हुए हैं।

दूसरी ओर, कोलंबिया ने उज्बेकिस्तान को 3-1 से हराकर ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। पुर्तगाल और डीआर कांगो के बीच ड्रॉ होने से दोनों टीमों के खाते में एक-एक अंक हैं।

आज किन मुकाबलों पर रहेंगी नजरें?

विश्व कप 2026 में आज ग्रुप चरण के दूसरे दौर की शुरुआत होगी। फुटबॉल प्रेमियों की नजरें खास तौर पर कनाडा, मेक्सिको, दक्षिण कोरिया और स्विट्जरलैंड के मुकाबलों पर रहेंगी।

आज का कार्यक्रम (भारतीय समयानुसार):

  • रात 9:30 बजे – चेकिया vs दक्षिण अफ्रीका
  • रात 12:30 बजे – स्विट्जरलैंड vs बोस्निया-हर्जेगोविना
  • रात 3:30 बजे – कनाडा vs कतर
  • सुबह 6:30 बजे – मेक्सिको vs दक्षिण कोरिया

इन मुकाबलों के बाद ग्रुप ए और ग्रुप बी की तस्वीर काफी हद तक साफ हो सकती है और कई टीमों की नॉकआउट दौर की राह तय होने लगेगी।