4 July 2026 Fact Recorder
International Desk: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के ग्वादर जिले के जीवानी क्षेत्र में स्थित पाकिस्तान कोस्ट गार्ड के एक कैंप पर शुक्रवार शाम बड़ा फिदायीन हमला हुआ। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया है कि इसमें 30 से अधिक पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी मारे गए और कई अन्य घायल हुए हैं। हालांकि, पाकिस्तान की सेना और सरकार ने अभी तक इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
रिपोर्टों के अनुसार, हमला शुक्रवार शाम करीब 6:32 बजे हुआ। BLA की विशेष इकाई मजीद ब्रिगेड ने कथित तौर पर विस्फोटकों से भरे एक ट्रक को सुरक्षा घेरे वाले कोस्ट गार्ड कैंप में घुसाकर विस्फोट किया, जिससे कैंप में भारी तबाही मच गई।
BLA के प्रवक्ता जीयंद बलूच ने दावा किया कि शक्तिशाली विस्फोट के बाद संगठन के लड़ाकों ने कैंप पर चारों ओर से हमला किया और सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में 30 से अधिक जवानों को मार गिराया। संगठन का यह भी कहना है कि मलबे में फंसे लोगों के कारण मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
हमले के बाद BLA के मीडिया विंग ने एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें कथित तौर पर विस्फोट से पहले ट्रक के कैंप में प्रवेश करने का दावा किया गया है। हालांकि, इस वीडियो और संगठन के दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
BLA ने बयान जारी कर कहा है कि बलूचिस्तान की स्वतंत्रता की मांग पूरी होने तक पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के खिलाफ उसका सशस्त्र अभियान जारी रहेगा।
वहीं, घटना के कई घंटे बाद तक पाकिस्तान सरकार और सेना की ओर से न तो हमले में हुए नुकसान का आधिकारिक ब्योरा जारी किया गया है और न ही BLA द्वारा किए गए हताहतों के दावों की पुष्टि की गई है।













