Home Hindi आधी आबादी के सशक्तिकरण पर जोर: सीएम योगी ने महिलाओं की भागीदारी...

आधी आबादी के सशक्तिकरण पर जोर: सीएम योगी ने महिलाओं की भागीदारी को बताया देश और समाज की प्रगति का मूल आधार

आधी आबादी के सशक्तिकरण पर जोर: सीएम योगी ने महिलाओं की भागीदारी को बताया देश और समाज की प्रगति का मूल आधार

लखनऊ, 22 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk:  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाज तभी आत्मनिर्भर और प्रगति की ओर अग्रसर हो सकता है, जब आधी आबादी यानी महिलाएं सशक्त हों और उनका पूर्ण समर्थन मिले। सीएम योगी ने शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में फिक्की फ्लो के राष्ट्रीय अधिवेशन में महिलाओं के नेतृत्व और उनकी भागीदारी को समाज और देश की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण बताया।

सीएम ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं की भूमिका न केवल सामाजिक बल्कि आर्थिक और प्रशासनिक क्षेत्र में भी अहम है। उन्होंने यूपी की महिलाओं की कार्यशैली और योगदान के कई उदाहरण साझा किए। कोरोना महामारी के दौरान आंगनबाड़ी, आशा वर्कर और एएनएम ने घर-घर जाकर 25 करोड़ की आबादी की स्क्रीनिंग और जरूरतमंदों को दवा उपलब्ध कराई।

सीएम ने यह भी बताया कि यूपी में महिलाओं की संख्या पुलिस में 44,000 तक पहुंच चुकी है। बेसिक शिक्षा सुधार, ऑपरेशन कायाकल्प और निपुण योजनाओं के जरिए महिलाओं की भागीदारी बढ़ाई गई है। बच्चों को शिक्षा और संसाधन उपलब्ध कराने में महिलाओं का योगदान महत्वपूर्ण रहा है।

योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर भी जोर दिया। झांसी के बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर मॉडल में 62 हजार से अधिक महिलाएं जुड़ी हुई हैं और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हो रही हैं। रेडिमेड गारमेंट्स सेक्टर में भी महिलाएं ग्लोबल मार्केट में भारत की पकड़ मजबूत करने में योगदान दे सकती हैं।

सीएम ने कहा कि नर्सिंग, बेसिक शिक्षा और आंगनबाड़ी के कार्य महिलाओं द्वारा पुरुषों से बेहतर ढंग से किए जा सकते हैं। सरकार की विभिन्न योजनाओं जैसे कन्या सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना, मातृ वंदना और स्वामी विवेकानंद स्कीम के जरिए महिलाओं और लड़कियों को शिक्षा, डिजिटल सशक्तिकरण और रोजगार के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।

सीएम योगी ने फिक्की फ्लो के कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए कहा, “यदि आधी आबादी सशक्त होगी तो समाज और देश दोनों आत्मनिर्भर बनेंगे। महिलाओं की भागीदारी देश को विकसित भारत के लक्ष्य तक पहुंचा सकती है।”