15 अप्रैल, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Punjab Desk: अशोक कुमार मित्तल के घर, फार्महाउस और उनसे जुड़ी संस्थाओं पर बुधवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय ने छापेमारी की। पंजाब और हरियाणा में 8 से 10 स्थानों पर एक साथ कार्रवाई की गई, जिनमें Lovely Professional University, लवली ऑटो, लवली स्वीट्स और अन्य शैक्षणिक संस्थान शामिल हैं।
सूत्रों के मुताबिक यह कार्रवाई विदेशी धन और वित्तीय लेनदेन से जुड़े कथित उल्लंघनों की जांच के तहत की जा रही है। जांच मुख्य रूप से Foreign Exchange Management Act यानी FEMA के तहत हो रही है। जांच एजेंसियां खास तौर पर NRI छात्रों से मिली फीस, विदेशी सहयोग, फंड ट्रांसफर और संस्थानों के वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं।
बताया जा रहा है कि जालंधर, फगवाड़ा और गुरुग्राम में स्थित कई परिसरों पर ED की टीमें पहुंचीं। मित्तल के बेटे, भाइयों और परिवार से जुड़े अन्य परिसरों की भी तलाशी ली जा रही है। रमेश मित्तल और नरेश मित्तल से जुड़े ठिकाने भी जांच के दायरे में हैं।
इस कार्रवाई के बाद पंजाब की राजनीति गरमा गई है। भगवंत मान ने इसे आगामी पंजाब चुनावों से पहले भाजपा की “तैयारी” बताया। उन्होंने कहा कि यह “टिपिकल मोदी स्टाइल” है और उनकी पार्टी डरने वाली नहीं है। अरविंद केजरीवाल ने भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विपक्षी नेताओं को निशाना बना रही है और पंजाब की जनता इसका जवाब देगी।













