Home Hindi घरेलू LPG सिलेंडर फिर हुआ महंगा, कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी

घरेलू LPG सिलेंडर फिर हुआ महंगा, कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी

नई दिल्ली, 7 जून 2026 Fact Recorder

National Desk: आम लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है। तेल विपणन कंपनियों ने 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें आज से लागू हो गई हैं, जिससे रसोई का बजट और प्रभावित होगा।

चार प्रमुख महानगरों में अब घरेलू गैस सिलेंडर की नई कीमतें लागू हो गई हैं। दिल्ली में सिलेंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गई है। कोलकाता में यह 939 रुपये से बढ़कर 968 रुपये, मुंबई में 912.50 रुपये से बढ़कर 941.50 रुपये और चेन्नई में 928.50 रुपये से बढ़कर 957.50 रुपये हो गई है।

आमतौर पर तेल कंपनियां हर महीने की पहली या 15 तारीख को एलपीजी की कीमतों की समीक्षा करती हैं, लेकिन हाल के महीनों में 7 तारीख को भी कीमतों में बदलाव देखने को मिला है। इससे पहले मार्च में घरेलू गैस सिलेंडर के दाम 60 रुपये बढ़ाए गए थे।

इस महीने की शुरुआत में 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भी बढ़ोतरी की गई थी। दिल्ली में इसकी कीमत 42 रुपये बढ़कर 3,113.50 रुपये हो गई, जबकि कोलकाता में 53.50 रुपये की वृद्धि के साथ यह 3,255.50 रुपये तक पहुंच गई। वहीं 5 किलोग्राम वाले छोटे सिलेंडर की कीमत में भी 11 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।

एलपीजी की कीमतों में यह वृद्धि ऐसे समय हुई है जब पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में भी लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। मई महीने से पेट्रोल और डीजल के दामों में संयुक्त रूप से करीब 7.50 रुपये प्रति लीटर तथा सीएनजी की कीमतों में लगभग 6 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।