Home Hindi Punjab Weather Update: पंजाब-चंडीगढ़ में अगले 4 दिन भारी बारिश का अलर्ट,...

Punjab Weather Update: पंजाब-चंडीगढ़ में अगले 4 दिन भारी बारिश का अलर्ट, 28-29 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी

27 July 2026  Fact Recorder

Punjab Desk: पंजाब और चंडीगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। रविवार रात से कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने 27 जुलाई से अगले चार दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं 28 और 29 जुलाई के लिए कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।

कई जिलों में होगी तेज बारिश

चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर और रूपनगर में भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, नवांशहर (शहीद भगत सिंह नगर), मोहाली, लुधियाना, मोगा, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा, मानसा, बरनाला, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

मौसम में बदलाव, तापमान सामान्य के करीब

मौसम विभाग के मुताबिक राज्य का अधिकतम तापमान सामान्य के करीब पहुंच गया है। रविवार को तापमान में 1.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। बठिंडा में सबसे अधिक 36.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि चंडीगढ़ में रात तक 40 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

क्यों सक्रिय हुआ मानसून?

मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार, राजस्थान के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र और उत्तरी भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम ने करवट ली है। इन दोनों मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहने और अधिकांश क्षेत्रों में बारिश जारी रहने की संभावना है।

बिजली की मांग पहुंची 13,967 मेगावाट

बारिश के बावजूद पंजाब में बिजली आपूर्ति सामान्य बनी हुई है। रविवार को राज्य में बिजली की अधिकतम मांग 13,967 मेगावाट दर्ज की गई। इस मांग को पूरा करने के लिए पंजाब के बिजलीघरों से 4,417 मेगावाट बिजली का उत्पादन किया गया, जबकि शेष बिजली अन्य स्रोतों से प्राप्त की गई। निर्धारित आवंटन से 595 मेगावाट कम बिजली मिलने के बावजूद राज्य में बिजली आपूर्ति पर कोई खास असर नहीं पड़ा।

भाखड़ा और पोंग डैम सुरक्षित

लगातार बारिश के बीच भाखड़ा डैम का जलस्तर बढ़कर 1,594 फीट पहुंच गया है, जो खतरे के निशान 1,680 फीट से अभी भी 86 फीट नीचे है। डैम में 42,712 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है, जबकि 25,893 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।

वहीं पोंग डैम का जलस्तर 1,330.55 फीट दर्ज किया गया है, जो खतरे के निशान 1,390 फीट से करीब 59.45 फीट नीचे है। डैम में 37,370 क्यूसेक पानी आ रहा है और 9,983 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार दोनों डैम फिलहाल सुरक्षित स्थिति में हैं, हालांकि जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।