अंबाला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल से मचा हड़कंप; सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

अंबाला, 6 फरवरी 2026 Fact Recorder

Haryana Desk:  हरियाणा के अंबाला में कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। यह धमकी ई-मेल के जरिए भेजी गई, जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन तुरंत अलर्ट हो गया। एहतियातन कोर्ट परिसर को घेर लिया गया और बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया।

सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट परिसर में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। मेटल डिटेक्टर की मदद से आने-जाने वाले हर व्यक्ति की सघन जांच की जा रही है। बिना वैध पहचान पत्र (आईडी कार्ड) के किसी भी व्यक्ति को कोर्ट परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सील कर दिया है।

उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले अंबाला में करीब डेढ़ दर्जन सरकारी और निजी स्कूलों को भी बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल मिले थे। शुरुआत में तीन स्कूलों को धमकी दी गई थी, लेकिन कुछ ही समय में यह संख्या बढ़ गई थी। इसके बाद पुलिस ने बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया था।

उस दौरान बम स्क्वायड की टीम ने करनाल तक के स्कूलों की जांच की थी और एहतियातन स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई थी। धमकी भरे ई-मेल में स्कूलों को उड़ाने, मुख्यमंत्री के गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में बच्चों को न भेजने और ट्रेन को बम से उड़ाने तक की बातें कही गई थीं।

फिलहाल पुलिस ई-मेल की जांच कर रही है और धमकी देने वाले की पहचान करने में जुटी है। सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं।