Home Business फाजिल्का कृषि विज्ञान केंद्र में 10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न

फाजिल्का कृषि विज्ञान केंद्र में 10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न

फाजिल्का/अबोहर, 21 नवंबर 2026 Fact Recorder

Punjab Desk   : कृषि विज्ञान केन्द्र, फाजिल्का एवं भा.कृ.अनु.प.–सीफेट, क्षेत्रीय केन्द्र, अबोहर के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक  12 से 21 नवंबर, 2026 तक आयोजित दस दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोह उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. रेखा सूद हांडा, प्राचार्या, गोपीचंद आर्य महिला महाविद्यालय, अबोहर रहीं। इस अवसर पर डॉ. अमित नाथ, प्रमुख, भा.कृ.अनु.प.–सीफेट, क्षेत्रीय केन्द्र, अबोहर तथा डॉ. अरविंद कुमार अहलावत, प्रमुख, कृषि विज्ञान केन्द्र, फाजिल्का भी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम का समन्वयन एवं संचालन डॉ. रूपेंद्र कौर द्वारा किया गया।
इस दस दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में फाजिल्का जिले के विभिन्न गांवों से आए 25 महिला एवं पुरुष प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न विषय विशेषज्ञों एवं रिसोर्स पर्सन्स द्वारा मूल्य संवर्धन एवं खाद्य प्रसंस्करण की आधुनिक तकनीकों, विभिन्न खाद्य उत्पादों के निर्माण, प्रसंस्करण, पैकेजिंग, खाद्य सुरक्षा एवं गुणवत्ता, लागत निर्धारण, विपणन तथा उद्यमिता विकास पर विस्तृत तकनीकी एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई। विशेषज्ञों ने विशेष रूप से खाद्य प्रसंस्करण आधारित लघु उद्यम एवं स्टार्टअप इकाइयां स्थापित करने के लिए आवश्यक संसाधनों, मशीनरी, निवेश, उत्पादन प्रक्रिया, बाजार की संभावनाओं तथा सरकारी योजनाओं के बारे में प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया।
समापन समारोह की मुख्य अतिथि डॉ. रेखा सूद हांडा ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान एवं कौशल का उपयोग स्वरोजगार एवं आय सृजन के लिए करने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण महिलाओं एवं युवाओं को आत्मनिर्भर बनने तथा खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में उद्यम स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। डॉ. अमित नाथ एवं डॉ. अरविंद कुमार अहलावत ने भी प्रशिक्षण की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों को स्थानीय कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन के माध्यम से रोजगार एवं उद्यमिता के नए अवसर विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं व्यावहारिक विधियों पर आधारित प्रशिक्षण पुस्तिका भी वितरित की गई, ताकि वे प्रशिक्षण में सीखे गए कौशल एवं तकनीकों को भविष्य में अपने कार्यक्षेत्र में अपना सकें। समापन अवसर पर सभी 25 प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के महिला एवं पुरुष प्रतिभागियों को खाद्य प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन के क्षेत्र में तकनीकी कौशल प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार, उद्यमिता एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रोत्साहित करना रहा।