Home Hindi पटवारी (उम्मीदवार) के रूप में 18 माह का अनिवार्य प्रशिक्षण पूरा करने...

पटवारी (उम्मीदवार) के रूप में 18 माह का अनिवार्य प्रशिक्षण पूरा करने के बाद अब नियमित पटवारी के रूप में फील्ड में निभाएंगे ज़िम्मेदारी

राजस्व मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने 33 पटवारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे

चंडीगढ़, 8 जून:2026 Fact Recorder

Punjab Desk:  पंजाब के राजस्व, पुनर्वास एवं आपदा प्रबंधन मंत्री स. हरदीप सिंह मुंडियां ने आज 33 पटवारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
यहां पंजाब भवन में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह के दौरान स. हरदीप सिंह मुंडियां ने नव-नियुक्त पटवारियों को बधाई दी। उन्होंने मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान का संदेश साझा करते हुए उन्हें सदैव ईमानदारी और पूर्ण निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि पिछली सरकारें भ्रष्टाचार में लिप्त रही हैं, जबकि मान सरकार ने भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई हुई है। उन्होंने कहा कि नए पटवारियों के कंधों पर बड़ी ज़िम्मेदारी है और उन्हें जनता के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर करते हुए अपनी ज़िम्मेदारियों का दृढ़ता से निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने सचेत किया कि सरकारी कर्मचारियों की किसी भी प्रकार की भ्रष्ट गतिविधि को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा राज्य के लोगों को स्वच्छ, पारदर्शी और जवाबदेह सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भर्ती किए गए इन पटवारियों ने 18 माह का अनिवार्य प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद अब इन्हें नियमित पटवारी के रूप में फील्ड में तैनात किया जाएगा।

बता दें कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान ने वर्ष 2023 में राजस्व पटवारियों की भर्ती के उपरांत योग्य उम्मीदवारों को मेरिट के आधार पर ज़िले आवंटित किए थे। नियमों के अनुसार उम्मीदवारों को एक वर्ष का प्रशिक्षण पटवार स्कूलों में तथा छह माह का फील्ड प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान अनुभवी एवं सेवानिवृत्त पीसीएस अधिकारियों, ज़िला राजस्व अधिकारियों, तहसीलदारों, कानूनगो तथा पटवारियों द्वारा उन्हें प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

प्रशिक्षण अवधि के दौरान इन पटवारियों को हिसाब-मुसाहत, भूमि अभिलेख, पैमाइश, रिकॉर्ड तैयार करना, चुनाव, मुरब्बाबंदी, कृषि तथा कंप्यूटर विषयों का प्रशिक्षण दिया गया। इनमें चुनाव और कृषि विषयों पर विशेष ध्यान दिया गया। चुनाव संबंधी प्रशिक्षण में मतदाता सूचियों की तैयारी की जानकारी दी गई, जबकि कृषि विषय के अंतर्गत रबी और खरीफ़ फ़सलों, कीटनाशकों, उर्वरकों और बीजों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इंटीग्रेटेड लैंड मैनेजमेंट सिस्टम (आईएलएमएस) सॉफ्टवेयर पर उम्मीदवारों को जमाबंदी की डेटा एंट्री, इंतकाल दर्ज करना, रोज़नामचा, फर्द बदर आदि कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।

स. हरदीप सिंह मुंडियां ने बताया कि योग्य उम्मीदवारों की विभागीय परीक्षा वर्ष 2025 में दो चरणों में आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में कुल 512 उम्मीदवार सफल हुए। इनमें से 464 उम्मीदवार पहले ही नियमित पटवारी के रूप में सेवाएं दे रहे हैं, जबकि आज 33 पटवारी (उम्मीदवारों) को नियुक्ति पत्र प्रदान कर नियमित पटवारी के रूप में फील्ड में तैनात किया जा रहा है।

अतिरिक्त मुख्य सचिव-सह-वित्त आयुक्त राजस्व श्री अनुराग वर्मा ने नव-नियुक्त पटवारियों का विभाग में औपचारिक रूप से स्वागत किया।

श्री वर्मा ने कहा कि गांव स्तर पर पटवारी सरकार का चेहरा होता है। इसलिए उन्हें सरकार की उपलब्धियों और सुशासन को लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि उच्च शैक्षणिक योग्यता वाले पटवारियों की नियुक्ति से ई-जमाबंदी और ई-रजिस्ट्री जैसी सुधारात्मक पहलों को ज़मीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी ढंग से लागू किया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि नए पटवारियों की भर्ती का उद्देश्य आम लोगों की सुविधा के लिए राजस्व विभाग के कार्यों को सुचारू बनाना तथा यह सुनिश्चित करना है कि लोगों को बिना किसी देरी के समयबद्ध और परेशानी-मुक्त सेवाएं प्राप्त हों।

समारोह के दौरान विशेष सचिव-कम-निदेशक भूमि रिकॉर्ड श्री परमवीर सिंह तथा अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।