शुक्रवार, 06 फरवरी 2026 Fact Recorder
Punjab Desk: पंजाब में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शुक्रवार सुबह जालंधर के मॉडल टाउन इलाके में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता लकी ओबेरॉय की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर ह/त्या कर दी। हमलावर सफेद रंग की ऐक्टिवा पर सवार होकर आए थे और उन्होंने 8 से 10 राउंड फायरिंग की।
जानकारी के मुताबिक, वारदात के समय लकी ओबेरॉय अपनी थार एसयूवी में सवार थे। हमलावरों ने अचानक उन पर गोलियां बरसाईं, जिससे कार के शीशे टूट गए। लकी ओबेरॉय को सीने, चेहरे और सिर में गोलियां लगीं और उनकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई।
गुरुद्वारे में माथा टेककर लौटते वक्त हमला
बताया जा रहा है कि यह हमला सुबह करीब 7:30 बजे उस समय किया गया, जब लकी ओबेरॉय मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारे में माथा टेककर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान ऐक्टिवा सवार दो हथियारबंद बदमाश मौके पर पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के फायरिंग शुरू कर दी। लकी ओबेरॉय ने गाड़ी में बैठकर बचने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों की गो/लियों से उन्हें बचाया नहीं जा सका। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में तोड़ा दम
गंभीर रूप से घायल लकी ओबेरॉय को तुरंत जालंधर के श्री राम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की। अस्पताल के डॉक्टर विशाल के मुताबिक, लकी ओबेरॉय को सुबह करीब 8 बजे अस्पताल लाया गया था। जांच में सामने आया कि उन्हें 8-9 गोलियां लगी थीं। सीपीआर और वेंटिलेटर सपोर्ट के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपी CCTV में कैद
घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी जालंधर समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं, जिनमें ऐक्टिवा सवार बदमाश कैद हुए हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है।













