Home Himachal Hamirpur कोर्ट परिसर में लोडेड राइफल लेकर घुसा पूर्व सैनिक, पुलिस ने...

Hamirpur कोर्ट परिसर में लोडेड राइफल लेकर घुसा पूर्व सैनिक, पुलिस ने हिरासत में लिया

26 May 2026 Fact Recorder

Himachal Desk:  हिमाचल प्रदेश के Hamirpur में मंगलवार को कोर्ट परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक पूर्व सैनिक लोडेड राइफल लेकर न्यायिक परिसर में पहुंच गया। चुनाव आचार संहिता के दौरान हथियार लेकर घूमने पर प्रतिबंध होने के बावजूद आरोपी खुलेआम कोर्ट परिसर में घूमता रहा। सूचना मिलते ही पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, भोरंज निवासी रमन शर्मा, जो सेना से सेवानिवृत्त हैं, पारिवारिक विवाद से जुड़े एक मामले की सुनवाई के सिलसिले में कोर्ट पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि उनके पास एक लोडेड राइफल थी और बैग में दराट भी रखा हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर कहा कि “आज तो उसे शूट कर दूंगा”, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों में डर का माहौल बन गया।

इसी दौरान किसी काम से कोर्ट पहुंचे डीएसपी की नजर उस पर पड़ी। डीएसपी ने जब उससे पूछताछ की तो स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे काबू कर लिया। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर बुलाया गया और कोर्ट परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राइफल का लाइसेंस जम्मू से जारी हुआ था, लेकिन उसकी अवधि समाप्त हो चुकी थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पब्लिक हरासमेंट सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। Balbir Singh ने कहा कि तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।