21 March 2025: Fact Recorder
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया ट्रक ड्राइवर
हरियाणा की नूंह जिले की अपराध जांच शाखा (सीआईए) तावडू ने केएमपी मार्ग से करीब 35 लाख रुपये की शराब खेप पकड़ी है। ट्रक में लकड़ी के बुरादे की बोरियों के बीच छिपाई गई 464 पेटियों से 5568 बोतलें अंग्रेजी शराब बरामद हुई हैं।
गश्त के दौरान पुलिस पकड़ी शराब
नूंह डीएसपी मुख्यालय हरेंद्र कुमार ने बताया कि सीआईए तावडू की टीम प्रभारी महेंद्र सिंह के नेतृत्व में पटौदी चौक पर गश्त कर रही थी। तभी सूचना मिली कि जितेंद्र पुत्र सुरेंद्र सिंह, निवासी लंडी थाना शाहाबाद मारकंडा, कुरुक्षेत्र एक शराब ठेकेदार के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर अवैध शराब की खेप ले जा रहा है।
सूचना के मुताबिक शराब को लकड़ी के बुरादे की बोरियों में छिपाकर केएमपी मार्ग से जबलपुर ले जाया जा रहा था। पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर धुलावट टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी की।
पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी
पुलिस नाकाबंदी के कुछ ही देर में पटौदी की ओर से एक ट्रक आता दिखाई दिया। पुलिस को देख चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने उसे दबोच लिया। ड्राइवर ने अपनी पहचान जितेंद्र सिंह के रूप में बताई। ट्रक की तलाशी में इंपीरियल ब्लू ब्रांड की 43 पेटी पव्वा, 298 पेटी अद्धा और 123 पेटी बोतलें समेत कुल 464 पेटियों मिली। जिनमें कुल 5568 बोतलों की कीमत करीब 35 लाख रुपये आंकी गई।

जानकारी देते डीएसपी हरेंद्र कुमार
पठानकोट ले जानी थी शराब,मध्यप्रदेश की बना दी फर्जी बिल्टी
डीएसपी मुख्यालय हरेंद्र कुमार ने बताया कि ड्राइवर ने पूछताछ में खुलासा हुआ कि शराब दिल्ली से खरीदी गई थी और इसे पठानकोट,पंजाब ले जाया जाना था। हालांकि,फर्जी बिल-बिल्टी के जरिए इसे मध्यप्रदेश के जबलपुर दिखाया जा रहा था। मौके पर बुलाए गए आबकारी विभाग के अधिकारी ने दस्तावेजों की जांच की और उन्हें फर्जी पाया। पुलिस ने ट्रक और शराब को कब्जे में ले लिया। तावडू सदर थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर चालक को गिरफ्तार किया गया, जिसे नियम अनुसार कोर्ट में पेश किया गया।












