Home Breaking सीआईडी के सोशल मीडिया पोस्ट से हड़कंप, फेसबुक पर लिखा- हिमाचल पुलिस...

सीआईडी के सोशल मीडिया पोस्ट से हड़कंप, फेसबुक पर लिखा- हिमाचल पुलिस में परेशान करने वाला अधिकारी, सरकार को संज्ञान लेने की अपील।

21 March 2025: Fact Recorder

हिमाचल में चीफ इंजीनियर विमल नेगी की मौत का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ। इस बीच एसपी-CID ने सोशल मीडिया पोस्ट डालकर बवाल मचा दिया है। इस पोस्ट से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

दरअसल, एसपी सीआईडी भूपेंद्र नेगी ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक पोस्ट डाला, जिसमें लिखा कि हिमाचल पुलिस में भी एक ऐसा बहुत बड़ा अधिकारी है जिसने बहुत ऑफिसर को परेशान कर रखा है।

धाकड़ IPS माने जाने वाले भूपेंद्र नेगी का यह पोस्ट अब सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। इस पोस्ट के लोग अलग अलग मायने निकाल रहे हैं। आला अधिकारी के खिलाफ ऐसा पोस्ट लिखने का साहस दिखाने वाले भूपेंद्र नेगी की लोग प्रशंसा भी कर रहे है।

पोस्ट के पीछे मंशा क्या है? यह तो जांच का विषय है। मगर सच्चाई का पता लगाना भी जरूरी है, क्योंकि कुछ दिन पहले ही हिमाचल में ईमानदार चीफ इंजीनियर विमल नेगी को खोया है। यदि पुलिस विभाग में भी पुलिस अधिकारी दबाव में है तो सरकार को इस पर संज्ञान लेने की जरूरत है। दूसरे अधिकारी दबाव में विमल नेगी जैसा कदम न उठाए, इसके लिए सरकारी विभागों में वर्क कल्चर बदलना होगा।

बता दें कि हिमाचल में पावर कॉरपोरेशन के चीफ इंजीनियर विमल नेगी की मौत के बाद से प्रदेश में बवाल मचा हुआ है। विमल नेगी की मौत के मामले में 2 IAS और एक डायरेक्टर के खिलाफ न्यू शिमला में मामला दर्ज किया जा चुका है। राज्य सरकार एमडी हरिकेश मीणा को पद से हटा चुकी है, जबकि डायरेक्टर इलेक्ट्रिकल देसराज को सस्पेंड किया जा चुका है। दूसरे डायरेक्टर शिवम प्रताप के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

ऐसे में CID के एसपी का यह पोस्ट व्यवस्था पर कई सवाल खड़े करता है। राज्य सरकार को इसे गंभीरता से लेने की जरूरत है।