अबोहर में ताला तोड़कर घर में चोरी: चोर कैश और गहने लेकर भागे, परिवार गया था शादी में; गांव के ही 4 युवक गिरफ्तार – Abohar News

21 March 2025: Fact Recorder

पुलिस की गिरफ्त में चोरी के आरोपी।

पंजाब के अबोहर में एक बंद घर से चोरी हुई है। घटना आलमगढ़ गांव की है। सदर पुलिस ने चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले गांव के ही चार युवकों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी अभी फरार है।

घटना 14 फरवरी की है। सुरेंद्र कुमार का परिवार राजस्थान के गणेशगढ़ में बुआ की बेटी की शादी में गया था। अगले दिन उनके मौसी के बेटे राम गोपाल ने फोन कर बताया कि उनके घर के ताले टूटे हुए हैं। जब परिवार वापस लौटा तो घर से लाखों रुपए के सोने-चांदी के गहने गायब थे।

चोरों ने पशुओं के नोहरे की दीवार फांदकर घर में घुसे। इतना ही नहीं, चोर सुरेंद्र के नाना श्योलाल के घर में भी घुसे। वहां उन्होंने नानी के साथ मारपीट कर बैग से 20 हजार रुपए भी चुरा लिए। थाना सदर के प्रभारी सुनील कुमार और एएसआई कुलदीप सिंह के अनुसार, पुलिस ने पकड़े गए चारों आरोपियों से 10 हजार रुपए नकद और सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर लिए हैं। पांचवें आरोपी की तलाश जारी है।