इसी प्लास्टिक बैग में मिला नवजात का शव।
यमुनानगर के हमीदा क्षेत्र में एक नवजात बच्ची का शव मिला है। नवजात का शव एक प्लास्टिक बैग में नग्न अवस्था में पाया गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
।
जानकारी के अनुसार ब्रह्मपुरी मोहल्ले में नाले के पास एक नवजात बच्ची का शव मिला। मंगलवार की देर शाम को घटना का पता चला। स्थानीय लोगों ने देखा कि गली के कुत्ते एक प्लास्टिक को खींच रहे हैं। लोगों बैग खोलकर देखा तो उसमें बच्ची का शव मिला।
लगभग सात महीने की थी बच्ची
लोगों ने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि बच्ची लगभग सात महीने की थी। हमीदा पुलिस चौकी के जांच अधिकारी नवतेज सिंह के अनुसार, बुधवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। इसके बाद शव को एक सामाजिक संस्था को सौंप दिया गया।
स्थानीय निवासी धर्मेंद्र कुमार के बयान के आधार पर पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।