फरीदाबाद लघु सचिवाल सैक्टर 12 (फाइल फोटो)
हरियाणा विधानसभा में सीएम नायाब सिंह सैनी द्वारा पेश किए गए बजट 2025 में फरीदाबाद के लिए 11 घोषणा की गई है। बजट में शहर के बुनियादी ढांचे के विकास, स्वास्थ्य, खेल पर विशेष ध्यान दिया गया है। किसानों के लिए भी कई घोषणा की गई है।
।
फरीदाबाद की में लगने वाला सूरजकुंड मेला अब साल में 2 बार लगाया जाएगा। इसको लेकर बजट में घोषणा की गई है। अभी तक यह मेला साल में एक बार फरवरी महीने में लगाया जाता रहा है। इससे पहले भी मेले को साल में 2 बार लगाने पर चर्चा हुई थी, लेकिन कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई थी।

फरीदाबाद में लगने वाले सूरजकुंड मेले में नाचते हुए विदेशी कलाकार ( फाइल फोटो)
FMDA को विकास कार्यों के लिए मिले 600 करोड़
फरीदाबाद विकास प्राधिकरण को शहर में विकास कार्यों के लिए 600 करोड़ रूपए का बजट में मंजूरी दी गई है। इन पैसों से शहर में पेय जल की आपूर्ति एंव सीवरेज व्यवस्था और सड़क नेटवर्क को मजबूत किया जाएगा।
शहर में सीवरेज और सड़क व्यवस्था ठीक नही है। बजट में अलग से राशि के मंजूर होने से लोगों को उम्मीद है कि इन कमियों को मजबूत किया जाएगा। फरीदाबाद शहर में CETP स्थापना की जाएगी, जिसमें सीवरेज के पानी का ट्रीटमेंट किया जाएगा।

नगर निगम फरीदाबाद ( फाइल फोटो)
कामकाजी महिलाओं के लिए महिला छात्रावास
बजट में फरीदाबाद के लिए कामकाजी महिलाओं के लिए महिला छात्रावास बनाने की घोषणा की गई है। इसका फायदा उन कामकाजी महिलाओं को होगा जो दूसरे जगहों से आकर फरीदाबाद में काम कर रही है। ऐसे में उनको सस्ती दरों पर छात्रावास में सभी सुविधाएं मिल पाएंगी।
स्वास्थ्य सेवाओं के लिए घोषणा
फरीदाबाद के सरकारी अस्पताल में एक अत्याधुनिक मातृत्व–शिशुत्व केंद्र स्थापना करने की घोषणा बजट में की गई है। वहीं अस्पताल में 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनाया जाएगा। सरकारी अस्पताल को एडवांस लाइफ स्पोर्ट एम्बुलेंस भी दी जाएगी।

फरीदाबाद का बादशाह खान सिविल अस्पताल
बल्लभगढ़ में बनाया जाएगा नया बस स्टैंड
फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में नया बस स्टैंड बनाने की घोषणा भी इस बार के बजट में की गई है। नए बस स्टैंड के बन जाने से दूसरे राज्यों के लिए चलने वाली बसों की भी संख्या बढ़ सकती है। यहां से सफर करने वाले हजारों लोगों को इसका सीधा फायदा होगा।
स्पोर्टस के लिए सेंटर
फरीदाबाद के मॉडल संस्कृति स्कूल में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन स्पोर्टस की स्थापना की जाएगी। स्कूल में ही बच्चो को खेलों से जोडा जाएगा। इस सेंटर में सभी प्रकार के खेलों से जुड़ी सुविधा बच्चों को मिल पाएंगी।
किसानों के लिए
फरीदाबाद में किसानों के लिए बीज परीक्षण केंद्र की स्थापना की जाएगी। जहां से किसान उच्च स्तर का बीज सही दामों पर खरीद सकेंगे। इसके साथ ही सरकार ने बागवानी मिशन को फरीदाबाद में शुरू करने का फैसला लिया है।











