28 Feb 2025: Fact Recorder
International Shivratri Festival Mandi-2025: सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में एक सप्ताह तक चलने वाले विश्व विख्यात अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव मंडी-2025 का औपचारिक रूप से शुभारम्भ किया। इस दौरान उन्होंने मंडी शिव धाम परियोजना को पूरा करने के लिए 100 करोड़ रुपये आवंटित करने की घोषणा की और दो वर्ष के भीतर इसे पूर्ण करने का आश्वासन दिया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भव्य शिव धाम दूर-दूर से पर्यटकों को आकर्षित करेगा। सीएम देवताओं के नजराने में 5 प्रतिशत वृद्धि करने की घोषणा की।
सीएम ने श्री राज माधो राय मंदिर में पूजा-अर्चना की
हल्की बारिश के बीच पारंपरिक ‘शाही जलेब’ शोभा यात्रा में शामिल होने से पहले सीएम ने क्षेत्र के मुख्य देवता श्री राज माधो राय मंदिर में पूजा-अर्चना की। मंदिर से शुरू होकर पड्डल मैदान में संपन्न हुई भव्य शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालु पारंपरिक परिधान पहने अपने स्थानीय देवताओं के साथ नृत्य करते हुए आगे बढ़े। पूरे क्षेत्र से 200 से अधिक देवी-देवताओं ने इस जीवंत कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई, जिससे इसकी आध्यात्मिक भव्यता और बढ़ गई।इस महोत्सव के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पारंपरिक उत्सवों की आभा सभी को आकर्षित करती है। महोत्सव में देश-विदेश से पर्यटक और श्रद्धालु भाग लेते हैं।
सीएम ने सदियों पुरानी परंपरा के अनुरूप पगड़ी समारोह में भाग लिया। इसके उपरान्त उन्होंने पड्डल मैदान में विभिन्न सरकारी विभागों, बोर्डों और निगमों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का शुभारम्भ किया और इसमें गहरी रुचि दिखाई। इस अवसर पर उन्होंने मेला समिति द्वारा प्रकाशित अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि मेले की स्मारिका और कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया।अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए सीएम ने कहा कि लंबे समय से सूखे के बाद आखिरकार क्षेत्र में बारिश हुई है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव ने किसानों की प्रार्थना सुनी और उनकी मनोकामना पूर्ण हुई है।
एक वर्ष में 25 हजार सरकारी पद भरे जाएंगे
सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि 11 दिसंबर, 2022 को वर्तमान राज्य सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन के ध्येय के साथ अपना मिशन शुरू किया है, जिसमें अब तक 70 प्रतिशत सफलता प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि आने वाले एक वर्ष में 25 हजार सरकारी पद भरे जाएंगे, जिनमें शिक्षा विभाग में 13 हजार तथा पुलिस कांस्टेबल का नया बैच शामिल है। पिछले दो वर्षों में सरकार ने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में क्रांतिकारी निर्णय लिए हैं तथा भविष्य में भी इसी प्रकार जनकल्याणकारी पहल जारी रहेंगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं की निगरानी के उद्देश्य से ‘दिव्यम’ ऐप लॉंच किया। इस ऐप से सरकारी कार्यों के कार्यान्वयन में तेजी आएगी और यह सुनिश्चित होगा कि विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचे।