Home Business मंडी के सेरी मंच पर 13 से 15 अक्टूबर तक लगेगा ‘सेवा...

मंडी के सेरी मंच पर 13 से 15 अक्टूबर तक लगेगा ‘सेवा सेतु’ पंजीकरण शिविर

मंडी, 9 अक्टूबर 2026 Fact Recorder

National Desk :     हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड लिमिटेड के परिचालन वृत्त मंडी द्वारा 13 से 15 अक्टूबर, 2026 तक मंडी शहर के ऐतिहासिक सेरी मंच पर तीन दिवसीय ‘सेवा सेतु’ जागरूकता एवं उपभोक्ता पंजीकरण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी देने के साथ मौके पर ही पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।

उप मुख्य अभियंता, परिचालन वृत्त मंडी, अरुण शर्मा ने बताया कि विद्युत भवन शिमला के मुख्य अभियंता (एसपी) के निर्देशानुसार आयोजित किए जा रहे इस शिविर का उद्देश्य घरेलू उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर प्रणाली अपनाने के लिए प्रेरित करना और योजना से संबंधित तकनीकी एवं वित्तीय जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाना है।

उन्होंने बताया कि शिविर में उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए विभिन्न सहायता डेस्क स्थापित किए जाएंगे। पंजीकरण डेस्क पर विभागीय तकनीकी सहायक उपभोक्ताओं को प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के राष्ट्रीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने और पंजीकरण में सहायता प्रदान करेंगे।

*सोलर कंपनियों और बैंकों के प्रतिनिधि रहेंगे मौजूद*

शिविर में सरकार द्वारा सूचीबद्ध सोलर वेंडरों के प्रतिनिधि भी उपलब्ध रहेंगे। उपभोक्ता अपनी छत की क्षमता के अनुसार सोलर प्लांट की क्षमता, लागत, उपकरणों की वारंटी और नेट मीटरिंग से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा सहित प्रमुख बैंकों के प्रतिनिधि सोलर प्लांट लगाने के लिए ऋण संबंधी जानकारी और पात्रता की जांच में सहायता करेंगे।

अरुण शर्मा ने बताया कि शिविर में योजना परामर्श डेस्क के माध्यम से उपभोक्ताओं को केंद्रीय सब्सिडी, पात्रता संबंधी नियमों और नेट मीटरिंग प्रणाली के लाभों के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। इससे उपभोक्ता योजना की प्रक्रिया को समझकर अपने घरों में सौर ऊर्जा प्रणाली स्थापित करने के लिए आवश्यक कदम उठा सकेंगे।

*बिजली उपभोक्ताओं से शिविर का लाभ उठाने की अपील*

उप मुख्य अभियंता ने मंडी शहर और आसपास के क्षेत्रों के सभी घरेलू बिजली उपभोक्ताओं से अपील की कि वे 13 से 15 अक्टूबर तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे के बीच सेरी मंच पर आयोजित शिविर में पहुंचें। उपभोक्ता अपने नवीनतम बिजली बिल और आधार कार्ड साथ लाएं, ताकि पंजीकरण एवं अन्य औपचारिकताओं में सुविधा मिल सके।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से उपभोक्ता अपने घरों की छतों पर सोलर प्लांट स्थापित कर बिजली बिल में बचत कर सकते हैं। योजना के तहत उत्पादित अतिरिक्त बिजली को निर्धारित नियमों के अनुसार ग्रिड में भेजने की सुविधा भी मिल सकती है। उन्होंने सभी पात्र उपभोक्ताओं से इस पहल का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह किया।