National Desk : झारखंड की राजधानी रांची की 11 वर्षीय आश्वी वशिष्ठ ने अपनी अनोखी प्रतिभा से शहर का नाम रोशन किया है। आश्वी ने अपनी नाक पर हुला हूप घुमाकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने सिर्फ एक मिनट में 80 बार हुला हूप घुमाकर यह उपलब्धि हासिल की। उनका प्रमाणपत्र और मेडल मिलने के बाद परिवार में खुशी का माहौल है।
संतुलन बनाए रखना थी सबसे बड़ी चुनौती
डीएवी कपिल देव स्कूल की छात्रा आश्वी ने 3 मई 2026 को स्कूल परिसर में यह कारनामा किया। इस दौरान उनके प्रदर्शन की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई। एक मिनट तक नाक पर हुला हूप घुमाते हुए संतुलन बनाए रखना उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती थी। हालांकि, लगातार अभ्यास की बदौलत उन्होंने 60 सेकंड में 80 रोटेशन पूरे कर लिए।
पहले भी बना चुकी हैं कई रिकॉर्ड
आश्वी की यह पहली बड़ी उपलब्धि नहीं है। इससे पहले भी वह हुला हूप के साथ कई रिकॉर्ड अपने नाम कर चुकी हैं। इनलाइन स्केट्स पहनकर उन्होंने 6 मिनट 40 सेकंड में अपनी नाक पर घड़ी की उल्टी दिशा में 397 बार हुला हूप घुमाया था। इस उपलब्धि के लिए उनका नाम एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ।
इसके अलावा, स्केटिंग करते हुए 3 मिनट 46 सेकंड में 226 बार हुला हूप घुमाने का रिकॉर्ड भी उन्होंने इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज कराया है।
शौक से शुरू हुआ सफर, अब बनाया विश्व रिकॉर्ड
आश्वी ने बताया कि उन्होंने करीब चार से पांच साल पहले हुला हूप का अभ्यास शुरू किया था। शुरुआत में यह केवल उनका शौक था, लेकिन परिवार और आसपास के लोगों से मिली प्रशंसा ने उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। करीब छह महीने पहले उन्होंने विश्व रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य तय किया और अभ्यास को पहले से अधिक गंभीरता से लेना शुरू कर दिया।
परिवार को दिया सफलता का श्रेय
रांची के अपर बाजार की रहने वाली आश्वी, राहुल वशिष्ठ और कविता वशिष्ठ की पोती हैं। वह अपनी सफलता का श्रेय परिवार को देती हैं। उनके दादा अशोक शर्मा ने हमेशा उनका हौसला बढ़ाया है।
आश्वी ने अपना गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड दादा जी, मां और पिता को समर्पित किया है। इतनी कम उम्र में हासिल की गई यह उपलब्धि उनके लिए आगे बढ़ने और नए मुकाम हासिल करने की प्रेरणा बनी है।













