Home Hindi IAS दिव्या मित्तल की नई पारी से उठा पर्दा, सुबह 8:30 बजे...

IAS दिव्या मित्तल की नई पारी से उठा पर्दा, सुबह 8:30 बजे बताएंगी आगे की योजना

September 29,2026 Fact Recorder

National Desk:  भारतीय प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा देने के बाद उत्तर प्रदेश कैडर की पूर्व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल की अगली पारी को लेकर चल रही चर्चाओं पर अब विराम लगने वाला है। दिव्या मित्तल ने अपनी भविष्य की योजनाओं का खुलासा करने का समय तय कर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि मंगलवार, 29 सितंबर की सुबह 8:30 बजे वह अपने अगले कदम के बारे में बताएंगी।

दिव्या मित्तल की इस घोषणा के बाद उनके अगले कदम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इस्तीफे के बाद सोशल मीडिया पर उनके राजनीति में आने, कोचिंग शुरू करने, विदेश लौटने या परिवार को अधिक समय देने जैसी अलग-अलग अटकलें लगाई जा रही थीं।

सोशल मीडिया पोस्ट में किया अटकलों का जिक्र

दिव्या मित्तल ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट साझा करते हुए इस्तीफे के बाद सामने आई विभिन्न चर्चाओं का जिक्र किया। इनमें बच्चों की वजह से घर पर रहने, विदेश में बेहतर पैकेज मिलने पर वापस जाने, IAS पर किताब लिखने या कोचिंग शुरू करने और राजनीति में आने जैसी संभावनाएं शामिल थीं।

उन्होंने बताया कि इन सभी चर्चाओं के बीच अब वह खुद अपनी आगे की योजना के बारे में जानकारी देंगी।

30 अगस्त को दिया था इस्तीफा

2013 बैच की IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने 30 अगस्त 2026 को प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा देने की घोषणा की थी। उनका इस्तीफा 15 सितंबर 2026 को शासन द्वारा स्वीकार कर लिया गया। इसके साथ ही करीब 13 वर्षों का उनका प्रशासनिक सफर समाप्त हो गया।

कई महत्वपूर्ण पदों पर दे चुकी हैं सेवाएं

दिव्या मित्तल अपने प्रशासनिक करियर के दौरान मेरठ में संयुक्त मजिस्ट्रेट, गौतमबुद्ध नगर में मुख्य विकास अधिकारी, कानपुर नगर में यूपीसीडा की संयुक्त प्रबंध निदेशक और बरेली विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुकी हैं।

इसके अलावा वह संतकबीरनगर और मीरजापुर की जिलाधिकारी भी रहीं। मीरजापुर के दुर्गम क्षेत्र लहुरियादह गांव तक पाइपलाइन के जरिए पानी पहुंचाने की परियोजना के कारण भी उनका कार्यकाल चर्चा में रहा। वह उत्तर प्रदेश ग्रामीण सड़क विकास एजेंसी की मुख्य कार्यपालक अधिकारी के पद पर भी रह चुकी हैं।

जुलाई 2024 में उन्हें देवरिया का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया था, जहां उन्होंने 5 मई 2026 तक सेवाएं दीं। इसके बाद उनका तबादला शासन में हुआ और वह राजस्व विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनात रहीं।