Home Himachal हिमाचल में मौसम ने बदली करवट, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी;...

हिमाचल में मौसम ने बदली करवट, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी; मैदानी क्षेत्रों में बारिश के आसार

September 29,2026 Fact Recorder

Himachal Desk:  हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले दो दिनों से मौसम खराब बना हुआ है। मंगलवार को भी ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश होने का अनुमान है। मौसम में बदलाव के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और प्रदेश में ठंड बढ़ने लगी है।

लाहुल-स्पीति के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर जारी है। रोहतांग दर्रे पर भी हिमपात हुआ है, जिसके चलते मनाली और आसपास के क्षेत्रों में ठंड का असर बढ़ गया है। पहाड़ी क्षेत्रों के साथ मैदानी इलाकों में भी लोगों ने पंखे बंद कर गर्म कपड़े निकाल लिए हैं।

किन्नौर में तीन दिनों से बर्फबारी और बारिश

जनजातीय जिला किन्नौर में पिछले तीन दिनों से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रुक-रुककर बर्फबारी हो रही है, जबकि निचले इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी है। लगातार खराब मौसम के कारण तापमान में काफी गिरावट आई है।

मौसम खराब रहने से स्थानीय जनजीवन प्रभावित हुआ है। वहीं, बागवानों की चिंता भी बढ़ गई है। सीमावर्ती क्षेत्रों छितकुल और रक्छम में बारिश और बर्फबारी के कारण फसलों को नुकसान पहुंचने की सूचना है। मौसम के लगातार बिगड़े रहने से किसानों और बागवानों को फसल सुरक्षा को लेकर चिंता सता रही है।