September 28, 2026 Fact Recorder
Himachal Desk: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। सरकार ने जसवां परागपुर क्षेत्र के परागपुर को नया उपमंडल (सब-डिवीजन) बनाने की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। नए उपमंडल का मुख्यालय परागपुर में ही रहेगा। इससे क्षेत्र के लोगों को प्रशासनिक और राजस्व संबंधी कार्यों के लिए दूर स्थित कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलने की उम्मीद है।
चार तहसीलों के 46 पटवार सर्किल शामिल
परागपुर उपमंडल के गठन के लिए देहरा उपमंडल के क्षेत्राधिकार से चार तहसीलों के कुल 46 पटवार सर्किल नए प्रशासनिक दायरे में शामिल किए गए हैं। सरकार ने यह पुनर्गठन हिमाचल प्रदेश भू-राजस्व अधिनियम, 1954, रजिस्ट्रीकरण अधिनियम, 1908 और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 के प्रावधानों के तहत किया है।
निशांत कुमार बने एसडीएम
सरकार की ओर से परागपुर में उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) की तैनाती भी की गई है। 2020 बैच के अधिकारी निशांत कुमार ने रविवार को परागपुर के एसडीएम के रूप में कार्यभार संभाल लिया।
रक्कड़ तहसील के 13 पटवार वृत्त
रक्कड़ तहसील से कुल 13 पटवार वृत्त नए उपमंडल में शामिल किए गए हैं। इनमें रक्कड़, चपलाह, भरोली जदीद, कुड़ना, सलेटी, खरोटी, कलोहा, कौलापुर, चौली, कूहना, निहारी, शांतला और अलोह शामिल हैं।
जसवां तहसील के 10 पटवार वृत्त
जसवां तहसील के 10 पटवार वृत्त अब परागपुर उपमंडल के अधीन होंगे। इनमें स्वाणा, न्याड़, पपलोथर, काहनपुर, कोटला, अमरोह, जंडौर, बाड़ी, घाटी और मलोट शामिल हैं।
डाडासीबा तहसील के 11 पटवार सर्किल
डाडासीबा तहसील से भी 11 पटवार सर्किल नए प्रशासनिक क्षेत्र में शामिल किए गए हैं। इनमें कस्बा सीबा, लग, पंजल, जखधार, वैह, शामनगर, दोदरा, जम्बल, चनौर समेत अन्य क्षेत्र शामिल हैं।
परागपुर तहसील के 12 पटवार वृत्त
परागपुर तहसील के 12 पटवार वृत्त भी नए उपमंडल का हिस्सा बनाए गए हैं। इनमें गढ़, वालियाणा, चलाली, समनोली, कड़ोआ, नलसूहा, चंबा, बणी, सेहरी, गरली और नाहन नगरोटा समेत अन्य क्षेत्र शामिल हैं।
नए प्रशासनिक ढांचे के लागू होने के बाद इन क्षेत्रों से जुड़े राजस्व और प्रशासनिक कार्यों का नियंत्रण परागपुर उपमंडल कार्यालय के माध्यम से होगा। सरकार के इस फैसले से स्थानीय लोगों को विभिन्न सरकारी सेवाओं और प्रशासनिक कार्यों के लिए अधिक सुगम व्यवस्था मिलने की संभावना है।











