September 28 ,2026 Fact Recorder
National Desk: केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा के पास रविवार शाम अचानक पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस दौरान रास्ते से गुजर रहे पांच वर्षीय बच्चे की मलबे और पत्थरों की चपेट में आने से मौके पर ही मौ*त हो गई। हादसे के बाद पैदल मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई और कई यात्री रास्ते में फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर तैनात रेस्क्यू टीमों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। रातभर चले अभियान के दौरान करीब 1,500 यात्रियों को सुरक्षित मार्ग से बाहर निकाला गया।
पत्थरों की चपेट में आया पांच साल का बच्चा
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार, पुलिस कंट्रोल रूम को चीरबासा के पास पहाड़ी से पत्थर गिरने की सूचना मिली थी। इसी दौरान पत्थरों की चपेट में आने से उत्तर प्रदेश के एटा निवासी पांच वर्षीय यश पुत्र रोहताश यादव की मौत हो गई।
रेस्क्यू टीम ने बच्चे के शव को पालकी के माध्यम से एमआरपी भैरव मंदिर, जंगलचट्टी पहुंचाया।
मलबा आने से पैदल मार्ग हुआ बाधित
चीरबासा क्षेत्र में पहाड़ी से मलबा और बड़े पत्थर गिरने के कारण केदारनाथ पैदल मार्ग का एक हिस्सा बाधित हो गया। मार्ग पर यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए रेस्क्यू टीमों ने तत्काल अभियान शुरू किया।
रातभर चले राहत एवं बचाव अभियान के दौरान मार्ग पर फंसे यात्रियों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया। रेस्क्यू टीमों ने करीब 1,500 यात्रियों को सुरक्षित निकालकर मार्ग पार कराया।
प्रशासन की ओर से यात्रियों से मौसम और मार्ग की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की गई है। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के बीच भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।











