Home Hindi लुधियाना में आज से हनुमंत कथा का शुभारंभ, धीरेंद्र शास्त्री के कार्यक्रम...

लुधियाना में आज से हनुमंत कथा का शुभारंभ, धीरेंद्र शास्त्री के कार्यक्रम को लेकर ट्रैफिक डायवर्जन लागू

September 26,2026 Fact Recorder

Punjab  Desk: चंडीगढ़ रोड स्थित सेक्टर-39 के ग्लाडा ग्राउंड में शनिवार, 26 सितंबर से हनुमंत कथा का आयोजन शुरू हो रहा है। बागेश्वर धाम सरकार पंडित धीरेंद्र शास्त्री 26 से 30 सितंबर तक श्रद्धालुओं को हनुमंत कथा सुनाएंगे। कार्यक्रम का समय रोजाना दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक निर्धारित किया गया है। आयोजन को लेकर ग्लाडा ग्राउंड में विशाल पंडाल तैयार किया गया है और अन्य व्यवस्थाएं भी अंतिम चरण में हैं।

बताया गया है कि कथा के दौरान पंडित धीरेंद्र शास्त्री श्रद्धालुओं को कथा सुनाने के साथ उनकी समस्याएं भी सुनेंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

फ्लाइट रद्द होने से लुधियाना नहीं पहुंच पाए धीरेंद्र शास्त्री

शुक्रवार को नई दिल्ली से हलवारा आने वाली फ्लाइट रद्द होने के कारण धीरेंद्र शास्त्री निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार लुधियाना नहीं पहुंच सके। खराब मौसम को फ्लाइट रद्द होने की वजह बताया गया। अब वह चंडीगढ़ एयरपोर्ट पहुंचने के बाद चंडीगढ़ में रुकेंगे और शनिवार को लुधियाना पहुंचेंगे।

26 से 30 सितंबर तक ट्रैफिक रूट में बदलाव

हनुमंत कथा को लेकर लुधियाना ट्रैफिक पुलिस ने 26 से 30 सितंबर तक विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। कार्यक्रम के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए शहर के कई प्रमुख स्थानों पर वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा।

प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट में समराला चौक, ट्रांसपोर्ट नगर कट, हीरा नगर, जमालपुर लाइट्स और कोहाड़ा चौक शामिल हैं। सामान्य वाहनों के लिए समराला चौक से ट्रांसपोर्ट नगर कट, हीरा नगर, ओसवाल चौक, शेरपुर चौक और ग्यासपुरा चौक होते हुए साहनेवाल चौक की ओर जाने का रूट निर्धारित किया गया है।

वहीं, कोहाड़ा चौक से साहनेवाल की तरफ जाने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है। हल्के वाहनों के लिए समराला चौक से वर्धमान चौक, पुलिस कॉलोनी चौक, वीर पैलेस चौक और मुंडियां खुर्द चौक होते हुए कोहाड़ा चौक तक जाने का रास्ता तय किया गया है।

कथा स्थल के आसपास पार्किंग की व्यवस्था

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ग्लाडा ग्राउंड, मोहिनी रिसोर्ट, एवरेस्ट स्कूल और श्री राम दरबार के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वीआईपी वाहनों के लिए श्री राम दरबार के पास अलग पार्किंग निर्धारित की गई है।

ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे कार्यक्रम के दौरान जारी रूट प्लान का पालन करें और अनावश्यक रूप से डायवर्जन वाले मार्गों पर जाने से बचें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।