Home Hindi मेले और मंदिर हमारी संस्कृति और धरोहर, इन्हें राजनीति से दूर रखना...

मेले और मंदिर हमारी संस्कृति और धरोहर, इन्हें राजनीति से दूर रखना जरूरी: मुकेश अग्निहोत्री

गोहर में बस अड्डे का निर्माण निश्चित, एम्स बिलासपुर व पीजीआई चंडीगढ़ के लिए शुरू होगी बस सेवा

गोहर (मंडी), 24 सितंबर 2026 Fact Recorder

Punjab Desk:  उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज नाचन विधानसभा क्षेत्र के गोहर में आयोजित सात दिवसीय जिला स्तरीय नलवाड़ मेला ख्योड़ के समापन समारोह की अध्यक्षता की। उन्होंने मेले के समापन अवसर पर आयोजित शोभा यात्रा में भी भाग लिया। गोहर पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने पारंपरिक ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया।

उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले और मंदिर हमारी संस्कृति, सभ्यता और धरोहर का हिस्सा हैं। इसका संबंध किसी एक राजनीतिक दल से नहीं है और न ही इन पर किसी पार्टी विशेष का प्रभुत्व हो सकता है। मेलों और मंदिरों से जुड़े आयोजनों को राजनीति से ऊपर रखना चाहिए।

उन्होंने समापन समारोह में आमंत्रित करने के लिए ग्राम पंचायत, मेला कमेटी तथा स्थानीय कांग्रेस नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें भी यहां आने से रोकने के प्रयास किए गए, लेकिन उनका स्पष्ट मत है कि मंदिरों और मेलों में राजनीति नहीं होनी चाहिए। यहां की पावन धरा पर देवी-देवताओं का वास है और निमंत्रण मिलने के बाद यहां न आना उचित नहीं होता। उन्होंने कहा कि हम मंदिरों में आस्था रखने वाले लोग हैं और जहां भी अवसर मिलता है, वहां जाकर देवी-देवताओं का आशीर्वाद अवश्य लेते हैं।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सभी को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर इस तरह के आयोजनों में शामिल होना चाहिए। कभी मेले का संचालन एक दल के पास रहेगा तो कभी दूसरे दलों के पास जा सकता है, लेकिन समाज और संस्कृति से जुड़े इन आयोजनों की गरिमा और महत्व का सभी को ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि गोहर में जिस आत्मीयता के साथ उनका स्वागत किया गया, उसके लिए वह क्षेत्र की जनता और ग्राम पंचायत के आभारी हैं।

उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि गोहर में बस अड्डे की आवश्यकता है। यदि बस अड्डे के लिए भूमि अभी अंतिम रूप से तय नहीं हुई है तो उन्होंने अधिकारियों को भूमि का चयन शीघ्र अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गोहर में बस अड्डे का निर्माण निश्चित तौर पर किया जाएगा। स्थानीय लोगों की मांग पर गोहर क्षेत्र से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) बिलासपुर और पीजीआई चंडीगढ़ के लिए बस सेवा भी शुरू की जाएगी।

उन्होंने नाचन विधानसभा क्षेत्र में पानी के कुनेक्शन, टैंकों तथा अन्य कार्यों से संबंधित बड़ी संख्या में प्राप्त प्रार्थना पत्रों के निपटारे के लिए जल शक्ति विभाग को एक करोड़ रुपये उपलब्ध करवाने की घोषणा की। उन्होंने ग्राम पंचायत को विभिन्न विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। इसके अलावा बासा कॉलेज में रिक्त पदों को भरने के लिए भी आवश्यक प्रयास करने की बात कही।

उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास को आगे ले जाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। विकास कार्यों के साथ-साथ प्रदेश की संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक आस्था से जुड़े आयोजनों को भी समान महत्व दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मेलों और मंदिरों को राजनीति से ऊपर रखना सभी की जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति विकास निगम के अध्यक्ष लाल सिंह कौशल तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष नरेश चौहान ने भी अपने विचार रखे।

स्थानीय पंचायत प्रधान गायत्री देवी ने उप-मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर क्यूट पहाड़न फेम कुमारी अराध्या एवं डीएवी स्कूल बासा के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय संस्थान की ओर से नशामुक्ति पर आधारित वक्तव्य दिया गया।

इस मौके पर राज्य जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष शशि शर्मा, जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्षा चंपा ठाकुर, राज्य सहकारी बैंक निदेशक मंडल के सदस्य केशव नायक, कांग्रेस महासचिव बलविंद्र बबलू, प्रदेश युवा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष अखिल अग्निहोत्री, प्रदेश युकां उपाध्यक्ष तरूण ठाकुर, युकां जिलाध्यक्ष निखिल ठाकुर, प्रेम कुमार, एएसपी अभिमन्यु वर्मा, उपमंडलाधिकारी (ना.) गोहर देवीराम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व अन्य गणमान्य उपस्थित थे।