ग्रेटर नोएडा, 24 सितंबर 2026 Fact Recorder
National Desk: यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक स्लीपर बस में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। दयानतपुर गांव के पास हुई इस घटना में बस में सवार करीब 35 यात्रियों में से 9 की मौ*त हो गई। आग लगते ही यात्रियों में अफरातफरी मच गई और कई लोगों ने बस की खिड़कियों से कूदकर अपनी जान बचाई।
आग लगते ही तेजी से फैली लपटें
बताया गया कि बस दिल्ली से महोबा की ओर जा रही थी। दयानतपुर गांव के पास अचानक बस में आग लग गई। चालक ने बस को एक्सप्रेसवे के किनारे रोक दिया, जिसके बाद कई यात्रियों को बाहर निकलने का मौका मिल गया। हालांकि, आग तेजी से फैलने के कारण कुछ यात्री बस के अंदर ही फंस गए।
घटना में नौ लोगों की मौत की पुष्टि तड़के करीब 3:30 बजे हुई। मृतकों में महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बस से सुनाई दी पटाखे जैसी आवाज
प्रत्यक्षदर्शियों और टोल कर्मियों के अनुसार, आग लगने के बाद बस से बार-बार पटाखे फूटने जैसी आवाजें सुनाई दे रही थीं। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और धुएं के साथ ऊंची लपटें उठने लगीं।
बस का नंबर BR32 PA8647 बताया गया है और यह राज कल्पना ट्रैवल्स की बस थी। हादसे के समय बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे।
पटाखे ले जाने की आशंका, जांच जारी
पटाखे जैसी आवाजें आने के बाद आशंका जताई जा रही है कि बस में सामान के साथ अवैध रूप से पटाखे ले जाए जा रहे थे। हालांकि, पुलिस ने अभी इस आशंका की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। आ*ग लगने के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
चार-पांच फायर टेंडरों ने पाया काबू
सूचना मिलते ही यमुना एक्सप्रेसवे की निजी सुरक्षा टीम, पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंच गए। करीब चार-पांच फायर टेंडर और पानी के टैंकर बुलाए गए। लगभग आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
आग की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा के लिए जेवर टोल और फलैदा कट पर करीब 20 मिनट तक यातायात रोका गया। आग बुझने के बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात सामान्य कर दिया गया।
पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। आग किस वजह से लगी और बस में कोई ज्वलनशील सामग्री मौजूद थी या नहीं, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।













