नई दिल्ली, 21 सितंबर 2026 Fact Recorder
Sports Desk: जापान के आइची-नागोया में जारी एशियन गेम्स 2026 के दूसरे दिन भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अब तक कुल 4 मेडल अपने नाम कर लिए हैं। भारत को शूटिंग में तीसरा सिल्वर मेडल मिला, जबकि मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) में सुचिका तरियाल ने ब्रॉन्ज मेडल पक्का किया।
दूसरे दिन की शुरुआत भी भारत के लिए मेडल के लिहाज से अच्छी रही। पुरुषों के 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में पार्थ माने, रुद्रांक्ष पाटिल और हिमांशु ढिल्लों की भारतीय तिकड़ी ने 1890.1 अंक हासिल करते हुए सिल्वर मेडल जीता।
वहीं, MMA के महिला 60 किलोग्राम वर्ग में सुचिका तरियाल को सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही उन्हें ब्रॉन्ज मेडल मिला।
टेबल टेनिस में पाकिस्तान को 3-0 से हराया
भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम ने पाकिस्तान को 3-0 से मात देकर नॉकआउट चरण में जगह बना ली। यह जीत भारत के अभियान के लिए एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि रही।
तैराकी में श्रीहरि नटराज फाइनल में
भारत के स्टार तैराक श्रीहरि नटराज ने पुरुषों की 50 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा के फाइनल में जगह बना ली है। उनका फाइनल मुकाबला आज दोपहर 1:30 बजे (IST) होना है।
4×200 मीटर फ्रीस्टाइल में भारत 9वें स्थान पर
पुरुषों की 4×200 मीटर फ्रीस्टाइल रिले में भारतीय टीम फाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकी। भारत 7:24.32 के समय के साथ 9वें स्थान पर रहा, जबकि 8वें स्थान पर रहने वाले कतर ने 7:24.10 का समय दर्ज किया।
सॉफ्ट टेनिस में भी शानदार शुरुआत
भारत की आध्या तिवारी और जय मीणा की जोड़ी ने ग्रुप चरण में लगातार दो जीत दर्ज कीं। भारतीय जोड़ी ने पहले कंबोडिया और फिर मंगोलिया को 5-0 से हराया। अब ग्रुप चरण के आखिरी मुकाबले में भारत का सामना दक्षिण कोरिया से होगा।
एशियन गेम्स 2026 में भारत की मेडल उम्मीदें आज भी शूटिंग, MMA, बॉक्सिंग, वुशु, कबड्डी, हॉकी, बैडमिंटन और तैराकी समेत कई खेलों में बनी हुई हैं।













