September 19,2026 Fact Recorder
Himachal Desk: हिमाचल प्रदेश की ऊंची पहाड़ियों पर सीजन की पहली बर्फबारी के बाद मौसम ने करवट ली है। रोहतांग, बारालाचा, शिंकुला और धौलाधार की पहाड़ियों पर हुई बर्फबारी के बाद प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सुबह और शाम ठंड बढ़ गई है। हालांकि, दिन के समय धूप खिलने से कई इलाकों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
इसी बीच कुल्लू जिले की सैंज घाटी में शुक्रवार को तेज बारिश के बाद बादल फटने की घटना सामने आई। सुचैहण पंचायत के नूहाडा वाटरफॉल क्षेत्र में बादल फटने से आई बाढ़ और मलबे के कारण कई जगह नुकसान हुआ।
छह पुलियां बहीं, रास्तों और पेयजल योजनाओं को नुकसान
बादल फटने के बाद आए मलबे और तेज पानी की चपेट में करीब छह पुलियां बह गईं। गांवों को जोड़ने वाले कई पैदल रास्ते भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसके अलावा पेयजल योजनाओं की पाइपलाइनों को भी नुकसान पहुंचा है। वाटरफॉल क्षेत्र में बड़ी मात्रा में मलबा जमा हो गया है।
सुचैहण पंचायत के प्रधान धर्मपाल ठाकुर ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त पुलियों, रास्तों और पेयजल योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर बहाल करने की मांग की है।
मणिमहेश यात्रा में श्रद्धालु की मौ*त
चंबा जिले में मणिमहेश यात्रा के दौरान डल झील के पास एक श्रद्धालु की ठंड की वजह से मौ*त हो गई। मृ-तक की पहचान 82 वर्षीय जयराम शर्मा निवासी कलरबत्ता, जिला किश्तवाड़ (जम्मू-कश्मीर) के रूप में हुई है।
बताया गया कि जयराम शर्मा पारंपरिक छड़ी जत्थे के साथ डल झील पहुंचे थे। क्षेत्र में हिमपात और तेज बर्फीली हवाओं के कारण रात में तापमान शून्य से नीचे चला गया। बुधवार रात उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्होंने दम तोड़ दिया।
साथी श्रद्धालुओं और राहत दल की मदद से शव को दुर्गम रास्तों से नीचे सड़क तक पहुंचाया गया। अधिकारियों के अनुसार, स्वजन के भरमौर पहुंचने और पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
दिन के तापमान में सात डिग्री तक उछाल
मौसम में बदलाव के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में दिन के तापमान में सात डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की गई। केलंग में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री, ताबो में 3.9, शिमला में 14.5, मनाली में 9.9 और कुफरी में 11.1 डिग्री सेल्सियस रहा। ऊना में अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम में तेजी से हो रहे बदलाव को देखते हुए चिकित्सकों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। सुबह-शाम बाहर निकलते समय गर्म कपड़े पहनने और ठंडी चीजों से परहेज करने की सलाह दी गई है। डॉक्टरों के मुताबिक, सर्दी-जुकाम, खांसी या वायरल संक्रमण के लक्षण होने पर बिना चिकित्सकीय सलाह के दवाएं या एंटीबायोटिक्स नहीं लेनी चाहिए।













