September 19,2026 Fact Recorder
Education Desk: कांग्रेस नेता राहुल गांधी शनिवार को इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों और युवाओं से संवाद करेंगे। कार्यक्रम में शिक्षा, भर्ती परीक्षाओं, पेपर लीक और रोजगार समेत कई मुद्दों पर चर्चा होने की बात कही गई है। इस बीच खरगोन से बड़ी संख्या में नर्सिंग छात्र भी इंदौर पहुंचे हैं।
खरगोन के छात्रों का कहना है कि नर्सिंग कॉलेज से जुड़ी परीक्षाएं लंबे समय से नहीं हुई हैं। छात्रों के मुताबिक, करीब 5 से 6 साल बीत जाने के बावजूद परीक्षाओं को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। छात्रों का दावा है कि वे इस मुद्दे को लेकर कई बार आंदोलन कर चुके हैं, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ।
छात्रों ने बताया कि वे राहुल गांधी से मुलाकात कर अपनी समस्याएं सामने रखना चाहते हैं और परीक्षा आयोजित कराने सहित अन्य मांगों पर उनका ध्यान आकर्षित करेंगे।
कार्यक्रम स्थल पर जुटने लगी छात्रों की भीड़
राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर दोपहर 12 बजे के बाद से ही कार्यक्रम स्थल के आसपास छात्रों और युवाओं की भीड़ जुटने लगी। आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम में करीब 15 हजार छात्र-छात्राओं के बैठने की व्यवस्था की गई है। पंजीकरण कराने वाले छात्रों को ही कार्यक्रम स्थल में प्रवेश दिया जाएगा और एंट्री पास स्कैन करने के बाद शुरू होने की जानकारी दी गई है।
राहुल गांधी के खिलाफ पोस्टर भी लगाए गए
राहुल गांधी के इंदौर दौरे के बीच कार्यक्रम स्थल और शहर के कुछ हिस्सों में उनके विरोध में पोस्टर लगाए जाने की जानकारी सामने आई। भंवरकुआं क्षेत्र में लगाए गए कुछ पोस्टरों में ‘झूठ की गूंज’ लिखा गया था। कांग्रेस नेताओं ने इन पोस्टरों को लेकर आपत्ति जताई है। प्रशासन और नगर निगम की ओर से पोस्टर लगाने वालों को लेकर तत्काल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई।
ट्रैफिक में फंसा राहुल गांधी का काफिला
राहुल गांधी का काफिला इंदौर के चंद्रगुप्त चौराहे पर ट्रैफिक में कुछ देर के लिए रुक गया। रिपोर्ट के मुताबिक, वे करीब 10 मिनट तक वहां रुके रहे। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की भीड़ भी उनके वाहन के आसपास पहुंच गई।
राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर शहर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, परीक्षा, भर्ती और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर छात्रों की बात सुने जाने की संभावना है।













