August 14,2026 Fact Recorder
National Desk: उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी में निर्माणाधीन टीएचडीसी टनल में हुए हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान जारी है। टनल में अचानक बड़ी मात्रा में पानी और मलबा घुसने से अंदर काम कर रहे कई मजदूर फंस गए। हादसे में करीब सात मजदूरों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि कई अन्य की तलाश अभी जारी है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को पीपलकोटी, चमोली पहुंचकर टनल में चल रहे बचाव अभियान का मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और अन्य बचाव एजेंसियों से रेस्क्यू ऑपरेशन की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार, टीएचडीसी की विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की टीआरटी टनल की लंबाई करीब तीन किलोमीटर है। टनल के लगभग 1.50 किलोमीटर हिस्से में भूधंसाव के कारण पानी और मलबा अंदर आ गया। इसके चलते टनल में काम कर रहे कुछ मजदूर अंदर फंस गए।
मुख्यमंत्री धामी ने टनल साइट का जायजा लेने के बाद घायल श्रमिकों का हालचाल जानने के लिए हेलीकॉप्टर से जिला अस्पताल गोपेश्वर के लिए रवाना हुए। वह अस्पताल में भर्ती घायल मजदूरों से मुलाकात कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी लेंगे।
प्रशासन और बचाव एजेंसियों की टीमें टनल में फंसे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही हैं। अधिकारियों की प्राथमिकता अंदर फंसे लोगों तक जल्द से जल्द पहुंचना और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालना है।













