मध्य प्रदेश 13 Aug 2026 Fact Recorder
National Desk : मध्य प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को आने वाले समय में बड़ा झटका लग सकता है। प्रस्तावित नए टैरिफ नियमों के तहत बिजली की दरों में करीब 10 फीसदी तक बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। इसका असर राज्य के लगभग 2 करोड़ बिजली उपभोक्ताओं पर पड़ सकता है।
मध्य प्रदेश विद्युत नियामक आयोग ने 1 अप्रैल 2027 से अगले पांच वर्षों के लिए लागू होने वाले रिटेल टैरिफ से जुड़े नियमों का मसौदा तैयार किया है। इसमें तकनीकी और वाणिज्यिक नुकसान के साथ बिजली चोरी जैसी समस्याओं को भी ध्यान में रखा गया है।
नुकसान की सीमा बढ़ाने का प्रस्ताव
रिपोर्ट के मुताबिक, मौजूदा करीब 14 फीसदी नुकसान की सीमा को बढ़ाकर 24.5 फीसदी करने का प्रस्ताव है। अगर इसे मंजूरी मिलती है तो बिजली कंपनियों की अतिरिक्त लागत का बोझ उपभोक्ताओं पर पड़ सकता है। इससे बिजली की दरों में करीब 10 फीसदी तक बढ़ोतरी की संभावना है।
1000 रुपये का बिल हो सकता है 1100 रुपये
अगर बिजली दरों में 10 फीसदी की बढ़ोतरी होती है तो 1000 रुपये का मौजूदा बिल बढ़कर करीब 1100 रुपये हो सकता है। इसी तरह 500 रुपये का बिल 550 रुपये, 1500 रुपये का 1650 रुपये और 2000 रुपये का बिल 2200 रुपये तक पहुंच सकता है।
हालांकि, फिलहाल यह बढ़ोतरी केवल प्रस्तावित है। बिजली की नई दरों पर अंतिम फैसला नियामक आयोग की मंजूरी के बाद ही होगा।













