August 11 ,2026 Fact Recorder
Chandigarh Desk: थाना-17 क्षेत्र के सेक्टर-23 में शातिर चोरों ने एक कैमिस्ट शॉप और एक स्वीट्स की दुकान को निशाना बनाया। दोनों दुकानों के शटर के ताले तोड़कर चोर नकदी और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। दोनों वारदातें सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
पहली वारदात कैमिस्ट शॉप में
मोहाली निवासी दिनेश कुमार ने पुलिस को बताया कि सेक्टर-23 में उनकी कटारिया मेडिकोज नाम से कैमिस्ट शॉप है। मंगलवार रात वह रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। बुधवार सुबह करीब साढ़े चार बजे चौकीदार ने फोन कर बताया कि दुकान के शटर पर ताले नहीं लगे हैं।
सूचना मिलते ही दिनेश दुकान पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि ताले गायब थे और दुकान के अंदर सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर गल्ले में रखी करीब 10 हजार रुपये की नकदी गायब मिली। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। पुलिस आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है।
दूसरी वारदात स्वीट्स शॉप में
दूसरी घटना सेक्टर-23 स्थित जालंधर स्वीट्स में हुई। दुकान मालिक अशोक कुमार के अनुसार, वह रविवार रात दुकान बंद कर घर चले गए थे। सोमवार सुबह दुकान पर पहुंचे तो शटर के ताले टूटे हुए मिले और अंदर सामान बिखरा पड़ा था।
जांच करने पर गल्ले में रखी 30 से 35 हजार रुपये की नकदी और एक मोबाइल फोन गायब मिला। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
दोनों वारदातों के बाद सेक्टर-23 मार्केट एसोसिएशन ने पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने और चोरों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।













