August 10 ,2026 Fact Recorder
Bollywood Desk: बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। उनकी पत्नी सुनीता आहूजा कई बार सार्वजनिक तौर पर उनके कथित अफेयर्स को लेकर बयान दे चुकी हैं। हाल ही में उन्होंने शो ‘लॉकअप 2’ में भी गोविंदा की निजी जिंदगी और रिश्तों को लेकर खुलकर बात की थी। अब गोविंदा ने इन आरोपों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
सुनीता के आरोपों पर गोविंदा ने क्या कहा?
एएनआई से बातचीत के दौरान गोविंदा ने अपनी पत्नी की ओर से लगाए गए आरोपों को खारिज किया। हालांकि, उन्होंने सुनीता की तारीफ करते हुए उनके योगदान को भी महत्वपूर्ण बताया।
गोविंदा ने कहा, “वो मुझे बड़े प्यार से गालियां देती हैं और मैं भी उसे सह लेता हूं।” अभिनेता ने आगे कहा कि वह आज जहां भी हैं, उसमें उनकी पत्नी का बड़ा योगदान है।
उन्होंने कहा कि अगर सुनीता उनका साथ नहीं देतीं तो शायद वे इस मुकाम तक नहीं पहुंच पाते। गोविंदा के मुताबिक, सुनीता ने परिवार और बच्चों की जिम्मेदारी भी बखूबी संभाली है और हमेशा उनका ख्याल रखा है।
सुनीता ने ‘लॉकअप 2’ में की थी अफेयर्स पर बात
गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने हाल ही में रियलिटी शो ‘लॉकअप 2’ में उनके कथित अफेयर्स को लेकर खुलकर बात की थी। उन्होंने कहा था कि प्यार में कई चीजों को सहना पड़ता है और गोविंदा की जिंदगी में कई अफेयर्स रहे हैं।
सुनीता ने यह भी कहा था कि फिल्म इंडस्ट्री में हीरो और हीरोइनों के बीच इस तरह की बातें होती रहती हैं। उन्होंने अपने लंबे वैवाहिक जीवन और पति का साथ देने का जिक्र करते हुए परिवार और रिश्ते को लेकर अपनी भावनाएं जाहिर की थीं।
1987 में हुई थी गोविंदा और सुनीता की शादी
गोविंदा और सुनीता आहूजा की शादी साल 1987 में हुई थी। उस समय गोविंदा बॉलीवुड के बड़े सितारों में शामिल हो चुके थे। दोनों ने अपनी शादी को करीब दो साल तक सार्वजनिक नहीं किया था। बाद में बेटी टीना आहूजा के जन्म के बाद उन्होंने अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया।
गोविंदा और सुनीता के दो बच्चे हैं। उनकी बेटी टीना आहूजा और बेटा यशवर्धन आहूजा हैं। गोविंदा ने अपने हालिया बयान में भी परिवार को लेकर सुनीता के योगदान की जमकर सराहना की।













