Home Hindi IND vs SL: वॉर्म-अप मैच में केएल राहुल ने संभाली टीम इंडिया...

IND vs SL: वॉर्म-अप मैच में केएल राहुल ने संभाली टीम इंडिया की कमान, शुभमन गिल की चोट पर BCCI ने दिया अपडेट

7 August 2026  Fact Recorder 

Sports Desk: भारत और श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के बीच कोलंबो में खेले जा रहे तीन दिवसीय अभ्यास मैच में टीम इंडिया की कप्तानी शुभमन गिल की जगह उपकप्तान केएल राहुल ने संभाली। टॉस के दौरान राहुल टीम के कप्तान के रूप में मैदान पर उतरे, जिसके बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने शुभमन गिल की फिटनेस को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा की।

बीसीसीआई के अनुसार, गुरुवार को अभ्यास सत्र के दौरान शुभमन गिल के दाहिने हाथ की अनामिका उंगली में चोट लग गई थी। एहतियात के तौर पर उन्हें अभ्यास मैच के पहले दिन आराम करने की सलाह दी गई है। मेडिकल टीम उनकी चोट पर लगातार नजर बनाए हुए है और उनकी रिकवरी का आकलन कर रही है।

इस मुकाबले में श्रीलंका क्रिकेट इलेवन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। गिल की गैरमौजूदगी में केएल राहुल की अगुवाई में भारतीय टीम मैदान पर उतरी।

टीम इंडिया और प्रशंसकों को उम्मीद है कि शुभमन गिल की चोट गंभीर नहीं होगी और वह 15 अगस्त से गॉल में शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले तक पूरी तरह फिट हो जाएंगे। हालांकि अभ्यास मैच के लिए आधिकारिक प्लेइंग इलेवन घोषित नहीं की जाती, इसलिए बल्लेबाजी के दौरान उनके मैदान पर उतरने का फैसला टीम प्रबंधन की स्थिति के अनुसार लिया जाएगा।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, 6 अगस्त के अभ्यास सत्र में शुभमन गिल को दो बार चोट लगी थी। पहले बल्लेबाजी के दौरान गेंद उनके दाहिने हाथ पर लगी, जिसके बाद मेडिकल स्टाफ ने उंगली पर पट्टी बांधी। इसके बाद स्लिप कैचिंग अभ्यास के दौरान उसी हाथ पर दोबारा गेंद लगने से उन्होंने आगे का अभ्यास बीच में ही छोड़ दिया।